देश की खबरें | रमजान ही नहीं, सरकार किसी भी माह में ऐसे फैशन शो की अनुमति नहीं देती: उमर अब्दुल्ला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रमजान माह में गुलमर्ग फैशन शो को लेकर उठे विवाद के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार साल के किसी भी माह में इस तरह के आयोजन की अनुमति नहीं देती।
जम्मू, 10 मार्च रमजान माह में गुलमर्ग फैशन शो को लेकर उठे विवाद के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार साल के किसी भी माह में इस तरह के आयोजन की अनुमति नहीं देती।
फैशन शो को कई सदस्यों ने ‘‘अश्लील’’ बताया और विधानसभा में इसका विरोध किया गया।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा को अवगत कराया, ‘‘हमने पहले ही इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन प्रारंभिक तथ्यों से पता चला है कि यह एक निजी होटल में एक निजी आयोजक द्वारा आयोजित चार दिवसीय एक कार्यक्रम था। फैशन शो सात दिसंबर को आयोजित किया गया था और कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जो गलत नहीं हैं।’’
फैशन शो और कठुआ जिले के बिलावर इलाके में तीन नागरिकों की हत्या के मुद्दे को लेकर प्रश्नकाल के दौरान काफी हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के बाद सदन में बयान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सदस्यों की ‘‘निराशा और चिंता’’ वास्तविक है।
कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने रविवार को कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘घृणास्पद! रमजान के पाक माह में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो आयोजित किया गया। इसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिससे लोगों में रोष फैल गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह घाटी में कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है जो अपनी सूफी, संत संस्कृति और अपने लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाती है?’’
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था, ‘‘लोगों का गुस्सा पूरी तरह समझ में आता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं वे स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दर्शाती हैं और वह भी इस पाक माह के दौरान।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि फैशन शो के आयोजकों ने अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं किया, जनता की भावनाओं को नजरअंदाज किया, इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि वे इसे कहां आयोजित कर रहे हैं और आयोजन का समय क्या है। अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘कुछ लोग कह रहे हैं कि रमजान के माह में ऐसा शो नहीं होना चाहिए था। मैंने जो देखा है उसके बाद मेरा मानना है कि इसे साल के किसी भी समय आयोजित नहीं किया जाना चाहिए था।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस कार्यक्रम के आयोजन में सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)