देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा के अंदर और बाहर सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा हूं: नेता प्रतिपक्ष
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयनारायण मिश्र ने शनिवार को कहा कि वह सदन के अंदर और बाहर, दोनों जगह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
भुवनेश्वर, 30 सितंबर ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयनारायण मिश्र ने शनिवार को कहा कि वह सदन के अंदर और बाहर, दोनों जगह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विपक्षी सदस्यों को सदन के अंदर ‘उचित सुरक्षा’ नहीं मिल रही है और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्यों द्वारा उनसे असंसदीय व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने शनिवार को संबलपुर में अपने आवास के बाहर बीजद कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का भी हवाला दिया।
विधानसभा के बाहर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ दिन पहले बीजद कार्यकर्ताओं ने यह सोचकर संबलपुर सर्किट हाउस में तोड़फोड़ की थी कि मैं वहां मौजूद हूं। अगर मैं वहां होता तो मुझे मार दिया जाता। अगर मुझे और मेरे परिवार को कुछ होता है तो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक जिम्मेदार होंगे।’’
मिश्रा ने कहा कि वह विधानसभा में अपनी चिंता जाहिर नहीं कर सके जो शोर-शराबे के कारण स्थगित हो गयी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस साल 29 जनवरी को एक पुलिस अधिकारी द्वारा तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की हत्या के बाद उन्होंने राज्य सुरक्षा वापस कर दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर एक मंत्री की हत्या हो सकती है, तो अन्य विधायक ओडिशा सरकार से क्या उम्मीद कर सकते हैं?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)