किसानों को कुचलने वाले व्यक्ति को हिरासत में नहीं लेने का मतलब कि संविधान खतरे में है: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी की हिंसा और प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने को लेकर मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को गाड़ी से कुचलने वाले केंद्रीय मंत्री के पुत्र को हिरासत में नहीं लिए जाने का मतलब यह है कि देश का संविधान खतरे में है.
नयी दिल्ली, 5 अक्टूबर : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लखीमपुर खीरी की हिंसा और प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने को लेकर मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को गाड़ी से कुचलने वाले केंद्रीय मंत्री के पुत्र को हिरासत में नहीं लिए जाने का मतलब यह है कि देश का संविधान खतरे में है. उन्होंने जोर देकर यह भी कहा कि प्रियंका गांधी एक सच्ची कांग्रेसी हैं और डरने वाली नहीं हैं तथा उनका सत्याग्रह जारी रहेगा. राहुल गांधी ने लखीमपुर में किसानों को गाड़ी से कुचलने से संबंधित एक कथित वीडियो को साझा करते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘एक मंत्री का बेटा अगर अपनी गाड़ी के नीचे सत्याग्रही किसानों को कुचल दे, तो देश का संविधान ख़तरे में है.
अगर वीडियो के सामने आने के बाद भी उसे हिरासत में ना लिया जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है. अगर एक महिला नेता को 30 घंटे तक बिना प्राथमिकी के हिरासत में रखा जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है.’’ उन्होंने यह दावा किया, ‘‘अगर क़त्ल हुए पीड़ितों के परिवार से किसी को ना मिलने दिया जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है. अगर ये वीडियो किसी को दुखी नहीं करता तो मानवता भी ख़तरे में है.’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं.’’ यह भी पढ़ें : Mrs India Queen 2021: गोवा में हुए पहचान मेरी कांटेस्ट में पहुंची मलाइका अरोड़ा, मिसेज इंडिया क्वीन की विनर को पहनाया ताज
लखीमपुर खीरी के तिकोनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद वहां जाने के दौरान रास्ते में हिरासत में लीं गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 30 घंटे बाद भी पुलिस अभिरक्षा में हैं. कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि प्रियंका समेत पांच नेताओं को हिरासत में लिए गए 30 घंटे से ज्यादा समय हो चुका है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2021 11:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

