देश की खबरें | पूर्वोत्तर क्षेत्र में पिछले 11 साल के दौरान पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया : सिंधिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के विकास का इंजन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और इस क्षेत्र में पिछले 11 साल के दौरान पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
इंदौर (मध्यप्रदेश), सात जुलाई केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के विकास का इंजन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और इस क्षेत्र में पिछले 11 साल के दौरान पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुसार पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश के विकास का इंजन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों के दौरान पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। इसके आधार पर पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठों राज्य बुनियादी ढांचे, सामाजिक विकास और अन्य क्षेत्रों में नयी तीव्रता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि देश की विकास की दर छह से सात प्रतिशत के बीच है, जबकि पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठों राज्यों में यह दर 11 से 13 प्रतिशत के बीच बनी हुई है।
सिंधिया ने रेखांकित किया कि मई के दौरान आयोजित ‘राइजिंग नॉर्थ ईस्ट’ निवेशक सम्मेलन में चार लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे।
उन्होंने कहा,‘‘हमें उम्मीद है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठों राज्य न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरे ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए विकास का नया उदय लेकर आएंगे।’’
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि बिहार के अगले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके गठबंधन के साथी दलों की सरकार निश्चित तौर पर बनेगी।
सिंधिया ने महाराष्ट्र में हिन्दी को लेकर जारी राजनीतिक विवाद पर पूछे गए सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

