खेल की खबरें | नूर अहमद का स्वप्निल पदार्पण, मुंबई इंडियंस ने दिया 156 रन का लक्ष्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अफगानिस्तान के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर नूर अहमद ने 18 रन देकर चार विकेट के शानदार प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए यादगार पदार्पण किया जिससे उसने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को नौ विकेट पर 155 पर रोक दिया।
चेन्नई, 23 मार्च अफगानिस्तान के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर नूर अहमद ने 18 रन देकर चार विकेट के शानदार प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए यादगार पदार्पण किया जिससे उसने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को नौ विकेट पर 155 पर रोक दिया।
नूर अहमद के अलावा खलील अहमद ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके।
मुंबई इंडियंस तिलक वर्मा 31 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उसके लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव 29 रन का ही योगदान दे सके। अंत में दीपक चाहर ने 15 गेंद में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
नूर अहमद ने जहां मुंबई इंडियंस के मध्य क्रम को ध्वस्त किया तो वहीं खलील अहमद ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (शून्य) और रेयान रिकलटन (सात गेंद में 13 रन) को पावरप्ले में पवेलियन भेज दिया।
हमेशा की तरह सीएसके ने अपनी घरेलू मैदान पर चेपक की पिच पर शुरूआती विकेट झटके। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद रोहित सबसे पहले आउट हुए, उन्होंने खलील की गेंद को फ्लिक करने का प्रयास किया और मिड-विकेट पर शिवम दुबे के हाथों कैच आउट हुए, तब टीम का खाता भी नहीं खुला था।
मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेल रहे रिकलटन अपनी संक्षिप्त पारी के दौरान अच्छे दिख रहे थे लेकिन जल्द ही खलील का दूसरा विकेट बन गए।
सीएसके में 10 साल बाद वापसी कर रहे आर अश्विन ने अपने पहले ओवर में ही विकेट झटककर स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया। जब विल जैक्स उनकी गेंद पर मिड-ऑफ पर दुबे को आसान कैच थमा बैठे।
सूर्यकुमार यादव (26 गेंद) और फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा (25 गेंद) ने 51 रन की साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाया।
लेकिन एम एस धोनी ने नूर अहमद की गेंद पर मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान को स्टंप आउट कर दिया। धोनी ने दिखाया कि वह हमेशा की तरह स्टंप के पीछे फुर्तीले हैं और सूर्यकुमार के अपने बल्ले को पूरी तरह स्विंग करने से पहले ही गिल्लियां गिर गईं।
सूर्यकुमार ने हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में टीम की अगुआई की जो पिछले सत्र में धीमी ओवर गति के प्रतिबंध के कारण इस मैच में नहीं खेल सके।
नूर अहमद के दोहरे झटकों के बाद मुंबई इंडियंस की उम्मीद ही टूट गई। उन्होंने रॉबिन मिंज को आउट किया और फिर दो गेंद बाद तिलक को गुगली से पवेलियन भेजा।
नूर अहमद का चौथा विकेट नमन धीर का था जिन्हें उन्होंने बोल्ड किया। अंत में दीपक चाहर ने दो चौके और दो छक्के लगाकर स्कोर 150 तक पहुंचाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)