सैनिटाइज खाली स्टेडियम में गैर-संपर्क खेल शुरू किये जायें : फिक्की
फिक्की ने साथ ही कहा कि इनका आयोजन सीमित स्थानों पर और कम लोगों के साथ किया जाये।
नयी दिल्ली, 13 मई भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ (फिक्की) ने बुधवार को सुझाव दिया कि क्रिकेट और बैडमिंटन जैसे खेलों को खाली स्टेडियम में बहाल किया जा सकता है क्योंकि इसमें खिलाड़ियों का संपर्क नहीं होता।
फिक्की ने साथ ही कहा कि इनका आयोजन सीमित स्थानों पर और कम लोगों के साथ किया जाये।
कोविड-19 महामारी के कारण खेलों का कैलेंडर काफी प्रभावित हुआ है जिससे देश में 70,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि 2400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीमारी ने कई अन्य उद्योगों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है।
इस स्वास्थ्य संकट ने - सपंर्क और गैर संपर्क - सभी खेल गतिविधियां अनिश्चितकाल के लिये बंद कर दिया है। फिक्की ने कहा कि सामाजिक दूरी बरकरार रखकर गैर संपर्क वाले खेल बहाल हो सकते हैं।
इसकी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘क्रिकेट, टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस आदि जैसे गैर संपर्क वाले खेलों को बहाल किया जा सकता है जिसमें खिलाड़ी और स्टाफ सरकार और डब्ल्यूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) द्वारा जारी सामाजिक दूरी के दिशानिर्देशों का पालन करें। ’’
उसने कहा, ‘‘इन प्रतियोगिताओं को कुछ ही स्थानों पर कम लोगों के साथ सीमित रखना चाहिए और इन्हें सैनिटाइज किये हुए खाली स्टेडियम में खेला जा सकता है। इससे यात्रा कम होगी और प्रशंसकों की भीड़ भी नहीं होगी। ’’
भारत के शीर्ष खिलाड़ियों की आउटडोर ट्रेनिंग शुरू करने के बारे में फिक्की ने कहा, ‘‘भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के सीमित केंद्रों में शीर्ष खिलाड़ियों के लिये जरूरी मैदानी ट्रेनिंग शुरू की जानी चाहिए जबकि सामाजिक दूरी के दिशानिर्देशों का पूरा ख्याल रखा जाये और खिलाड़ियों की नियमित कोरोना जांच का प्रावधान हो। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

