एजेंसी न्यूज

एअर इंडिया के अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कार्यरत नोएडा के कर्मियों को जांच तक दिल्ली में रहना होगा

इन कर्मचारियों की कोविड-19 जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें नोएडा भेजा जाएगा।

एअर इंडिया के अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कार्यरत नोएडा के कर्मियों को जांच तक दिल्ली में रहना होगा
जमात

नोएडा, नौ मई उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध जिले के नोएडा में रहने वाले एअर इंडिया के उन कर्मचारियों को दिल्ली के होटलों में ही पृथकवास में रहना होगा जो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चालक दल के रूप में शामिल होंगे।

इन कर्मचारियों की कोविड-19 जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें नोएडा भेजा जाएगा।

अपर पुलिस आयुक्त श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि कोविड-19 महामारी से प्रभावित क्षेत्रों की श्रेणी में गौतमबुद्ध नगर ‘रेड जोन’ में है। यहां के नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिगत अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक, एअर इंडिया से गौतमबुद्ध नगर में निवास कर रहे उनके कर्मचारियों जो विदेश में हवाई यात्राओं में सम्मिलित होंगे, उन्हें दिल्ली में ही रखे जाने का अनुरोध किया गया था।

उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक, एअर इंडिया ने अपने पत्र दिनांक आठ मई, 2020 द्वारा सूचित किया कि कंपनी द्वारा चालक दल सदस्यों के स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पूरी तरह से अमल किया जा रहा है और उड़ान से वापस आने पर उनकी नियमानुसार आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी और परिणाम आने तक उन्हें होटल में ठहराया जायेगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही चालक दल सदस्यों को नोएडा स्थित उनके आवास पर जाने की अनुमति दी जायेगी। इसके अतिरिक्त चालक दल सदस्यों का पांचवे दिन दूसरी आरटी-पीसीआर जांच की जाएगी और नतीजे निगेटिव आने तथा कोविड़-19 के लक्षण न दिखने पर ही उन्हें अगली ड्यूटी पर भेजा जायेगा।

उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों का गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली आवागमन नियमानुसार जारी रहेगा जिससे कि विदेश से भारतीयों को लाने के लिए शुरू की गई उड़ाने प्रभावित नहीं हो।

गौरतलब है कि कोविड-19 की वजह से हजारों भारतीय विदेश मे फंसे हैं। उन्हें भारत सरकार हवाई जहाज से स्वदेश वापस ला रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).