ताजा खबरें | एअर इंडिया के बेड़े से बोइंग 747 विमानों को हटाने की कोई योजना नहीं : सरकार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सरकार ने बुधवार को कहा कि एअर इंडिया के बेड़े से बोइंग 747 विमानों के परिचालन को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की कोई योजना नहीं है।

नयी दिल्ली, 28 जुलाई सरकार ने बुधवार को कहा कि एअर इंडिया के बेड़े से बोइंग 747 विमानों के परिचालन को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की कोई योजना नहीं है।

नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘ वर्तमान में एअर इंडिया के अपने बेड़े से बोइंग 747 के परिचालन को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की कोई योजना नहीं है।’’

सिंह ने कहा कि आज की तारीख में विमानन कंपनी एअर इंडिया के बेड़े में चार बी 747-400 विमान मौजूद हैं तथा उनकी औसत आयु लगभग 26 वर्ष है। उन्होंने कहा कि अभी तीन विमान रख-रखाव जांच में हैं।

उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि जनवरी-मार्च 2021 की तुलना में अप्रैल-जून 2021 के दौरान घरेलू यात्रियों की संख्या में करीब 53 प्रतिशत की कमी आयी। उन्होंने कहा कि जनवरी-मार्च 2021 में घरेलू यात्रियों की संख्या 2.3 करोड थी जो अप्रैल-जून 2021 में लगभग 1.1 करोड़ तक घट गयी।

सिंह ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर में मार्च-जून, 2021 के दौरान 5,637 घरेलू उड़ानों को रद्द किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी की दूसरी लहर तथा उड़ानों एवं यात्रियों पर राज्य सरकारों के प्रतिबंधों के कारण, घरेलू उड़ान परिचालन पूर्ण रूप से शुरू नही हो पाए।

उन्होंने कहा कि विमानन उद्योग के ऑकड़ों के अनुसार घरेलू विमानन कंपनियों के कर्मचारियों की संख्या 31 मार्च 2020 को करीब 74,800 थी जो 31 मार्च 2021 को घटकर 66,900 रह गयी। इस प्रकार कर्मचारियों की संख्या में करीब 7,900 की कमी दर्ज की गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\