देश की खबरें | ड्रग कारोबार में लिप्त किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो: मान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी, चाहे वह व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी मजबूत या प्रभावशाली क्यों न हो।
चंडीगढ़, 26 जून पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी, चाहे वह व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी मजबूत या प्रभावशाली क्यों न हो।
मान का यह बयान पंजाब सतर्कता ब्यूरो द्वारा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद आया है।
ब्यूरो ने आरोप लगाया है कि पूर्व मंत्री 540 करोड़ रुपये से अधिक के ‘‘ड्रग मनी’’ का शोधन करने में शामिल थे।
मजीठिया का नाम लिए बगैर मान ने कहा कि वह मादक पदार्थ के मामले में कोई रहम नहीं दिखाएंगे और इस बुराई के खिलाफ उनकी सरकार का अभियान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने मजीठिया के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो की कार्रवाई की निंदा करने के लिए विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में नशा विरोधी अभियान "युद्ध नशियां विरुद्ध" चला रही है और यह अब एक जन आंदोलन बन गया है।
उन्होंने कहा कि अब गांव के लोग प्रस्ताव पारित कर रहे हैं कि वे किसी को भी मादक पदार्थ बेचने की इजाजत नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि लोग इस अभियान की सराहना कर रहे हैं।
मान ने कहा कि मादक पदार्थ के तस्करों और इनके कारोबारियों के मकान ध्वस्त किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि वह कहते रहे हैं कि बड़े तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने राज्य में युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा, "कोई भी व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी मजबूत या प्रभावशाली क्यों न हो, मैं मादक पदार्थों के मामले में किसी पर दया नहीं करूंगा। मैं पंजाब के लोगों के प्रति जवाबदेह हूं और उनका ऋणी हूं।"
मजीठिया के मामले का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि सतर्कता विभाग ने उचित प्रक्रिया का पालन किया और उचित मामला बनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने मजीठिया का नाम नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि अब तक जिन लोगों को मादक पदार्थों के सिलसिले में जेल भेजा गया है, उनमें से 80-90 प्रतिशत लोगों को जमानत नहीं मिल सकी है।
मुख्यमंत्री ने कानून का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी कि अगर उन्हें यह भ्रम है कि वे पकड़े नहीं जाएंगे, तो यह गलत है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई की विपक्षी दलों द्वारा निंदा किए जाने पर उन्होंने कहा कि ये वही नेता हैं जो बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के लिए सरकार पर सवाल उठाते थे।
उन्होंने कहा, "इससे पता चलता है कि यह 'आम आदमी पार्टी (आप)' बनाम सभी है।"
मान ने कहा, "युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिलेगी। चाहे वह कोई भी हो। भले ही वे मुझे नुकसान पहुंचाना चाहें।"
उन्होंने मजीठिया की गिरफ्तारी को 'राजनीतिक प्रतिशोध' बताने के शिअद के आरोप को खारिज कर दिया।
पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने बुधवार को मजीठिया को गिरफ्तार किया और आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री 540 करोड़ रुपये से अधिक के 'ड्रग मनी' के शोधन में शामिल थे।
यह गिरफ्तारी ब्यूरो की एक टीम द्वारा मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर की गई छापेमारी के बाद हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2025 03:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

