देश की खबरें | केरल तट पर लाइबेरियाई जहाज डूबने के बाद राज्य के तटों पर कोई तेल नहीं : तटरक्षक बल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को कहा कि दो दिन पहले केरल के तट पर डूबे लाइबेरियाई मालवाहक जहाज से तेल रिसकर राज्य के तटों तक नहीं पहुंचा है।

कोच्चि, 27 मई भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को कहा कि दो दिन पहले केरल के तट पर डूबे लाइबेरियाई मालवाहक जहाज से तेल रिसकर राज्य के तटों तक नहीं पहुंचा है।

रक्षा विभाग के एक जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जहाज़ के डूबने से हुए तेल रिसाव से निपटने के लिए तटरक्षक बल द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

पोस्ट में कहा गया है, ‘‘तेल रिसाव से जुड़ी स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है और तटरक्षक बल द्वारा उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आज दोपहर 13:30 बजे तक, केरल के तटों पर कोई तेल नहीं पहुंचा है।’’

सोमवार को, इस बात की चिंता थी कि तेल रिसाव केरल के तटों तक पहुंच सकता है क्योंकि पोत से ईंधन लगभग तीन किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रहा था।

लाइबेरियाई मालवाहक जहाज़ - एमएससी एल्सा 3 - रविवार को कोच्चि तट के पास डूब गया। पोत पर 640 कंटेनर लदे हुए थे जिनमें 13 खतरनाक कार्गो और 12 कैल्शियम कार्बाइड वाले थे।

तटरक्षक बल ने पोत पर सवार चालक दल के 24 सदस्यों में से 21 को रविवार को बचा लिया था। चालक दल के शेष तीन सदस्यों को बाद में आईएनएस सुजाता द्वारा बचाया गया जो कि आईसीजी द्वारा शुरू किए गए बचाव अभियान में शामिल हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now