नयी दिल्ली, 13 मई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया, जबकि कोविड-19 मामलों के दोगुना होने का समय बढ़कर 12.6 दिन हो गया है। वहीं, इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,415 हो गई और संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 74,281 हो गए हैं।
हर्षवर्धन ने कहा कि दमन एवं दीव, सिक्किम, नगालैंड और लक्षद्वीप में कोविड-19 का कोई मामला अब तक सामने नहीं आया है।
उन्होंने कोविड-19 से निपटने में पंजाब की तैयारियों की भी समीक्षा की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले 14 दिनों में संक्रमण के मामलों के दोगुना होने की अवधि 11 दिन थी, जो पिछले तीन दिन में और बेहतर हुई और यह 12.6 दिन हो गई है।
एक बयान के मुताबिक हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘आज, नौ राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 का एक भी मामला सामने नहीं आया। ये (राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश) हैं : अंडमान निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, गोवा, छत्तीसगढ़, लद्दाख, मणिपुर, मेघायल और मिजोरम। ’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देशभर में बुधवार सुबह आठ बजे तक (पिछले 24 घंटे की अविध में) कोविड-19 से होने वाली मौत का आंकड़ा बढ़कर 2,415 हो गया जबकि संक्रमण के मामले बढ़कर 74,281 हो गये। इस अवधि के दौरान कोविड-19 के 122 मरीजों की मौत हुई जबकि संक्रमण के 3,525 नये मामले सामने आये।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड-19 से मृत्यु दर 3.2 प्रतिशत और स्वस्थ होने की दर 32.8 प्रतिशत है।
हालांकि, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पीटीआई- की तालिका के मुताबिक संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 75,144 हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY