देश की खबरें | अभिनेता विनायकन की अप्रिय टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की जरूरत नहीं:चांडी के पुत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे ने मलयालम अभिनेता विनायकन की हालिया अप्रिय टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने का अधिकारियों से अनुरोध किया है।
कोच्चि, 21 जुलाई केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे ने मलयालम अभिनेता विनायकन की हालिया अप्रिय टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने का अधिकारियों से अनुरोध किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चांडी ओमन ने कहा कि उनके पिता यदि जीवित होते तो इस मुद्दे पर यही रुख अख्तियार करते।
चांडी ओमन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस विषय पर भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं करने और घटना के सिलसिले में किसी तरह की हिंसा में संलिप्त नहीं होने की अपील की।
उन्होंने एक टेलीविजन चैनल से कहा, ‘‘राज्य के लोग बखूबी जानते हैं कि मेरे पिता ने (अपने जीवनकाल में) क्या किया है। उनके (विनायकन के) बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।’’
ओमन ने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि अभिनेता के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। यह सही नहीं है। यदि मेरे पिता जीवित होते तो वह भी यही कहते।’’
इस बीच, एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस ने बृहस्पतिवार को अभिनेता के खिलाफ एक मामला दर्ज किया। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि विनायकन को उनका बयान दर्ज करने के लिए तलब किया गया है, और उनका पुलिस थाने आना बाकी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें सुबह में पुलिस थाने बुलाया गया था। लेकिन, उनका आना बाकी है। उनका मोबाइल फोन अभी बंद है।’’
अभिनेता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (दंगा भड़काने के मकसद से उकसाना), 297 (मृत व्यक्ति का अपमान करना) और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120-ओ (संचार के किसी भी माध्यम से किसी व्यक्ति के लिए परेशानी का सबब बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बुधवार को फेसबुक पर वायरल हुए एक वीडियो में अभिनेता ने कहा, ‘‘यह ओमन चांडी कौन है?’’ और उनके (चांडी के) निधन पर ‘‘क्यों तीन दिनों का’’ शोक घोषित किया गया है।
सोशल मीडिया पर नाराजगी और विभिन्न वर्गों से व्यापक आलोचना का सामना करने के बाद विनायकन ने बाद में वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट से हटा दिया।
ओमन चांडी के खिलाफ अभिनेता की अप्रिय टिप्पणी की निंदा करते हुए कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को विनायकन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में एक शिकायत दायर की थी।
ओमन चांडी केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में मंगलवार को अंतिम सांस ली। वह 79 वर्ष के थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)