एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में सीबीआई जांच की जरूरत नहीं: कर्नाटक के गृह मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि रेणुकास्वामी की हत्या का मामला सीबीआई को सौंपने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस किसी भी दबाव के आगे झुके बिना अपनी जांच अच्छे से कर रही है।

देश की खबरें | रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में सीबीआई जांच की जरूरत नहीं: कर्नाटक के गृह मंत्री

चित्रदुर्ग (कर्नाटक), 18 जून कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि रेणुकास्वामी की हत्या का मामला सीबीआई को सौंपने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस किसी भी दबाव के आगे झुके बिना अपनी जांच अच्छे से कर रही है।

परमेश्वर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने रेणुकास्वामी के माता-पिता और उनकी पत्नी से अलग-अलग मुलाकात करके उन्हें सांत्वना दी। रेणुकास्वामी का शव बेंगलुरु में नौ जून को पाया गया था।

बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने संकेत दिया कि रेणुकास्वामी की हत्या ‘भयावह, क्रूर और बर्बर’ तरीके से की गई थी। संवाददाताओं से यहां बात करते हुए परमेश्वर ने कहा कि इस मामले में कन्नड़ अभिनेता दर्शन और उनकी दोस्त पवित्रा गौड़ा सहित 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दर्शन के प्रशंसक रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर गौड़ा को कुछ अश्लील संदेश भेजे थे, जिससे 47 वर्षीय अभिनेता नाराज हो गए थे।

परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं यहां परिवार को सांत्वना देने आया हूं। यह न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि हम सभी के लिए एक दुखद घटना है। अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।’’

उन्होंने मामले को सीबीआई को सौंपने जाने की संभावना से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमारे पुलिसकर्मियों ने अच्छा काम किया है। अपना काम करते समय वे किसी भी दबाव के आगे नहीं झुके। इसलिए मामले को सीबीआई को सौंपने की कोई आवश्यकता नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि रेणुकास्वामी के परिवार के सदस्यों ने न्याय और सरकारी नौकरी की मांग की है।

पीड़ित की एक साल पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती हैं। परमेश्वर ने कहा, ‘‘मैं (सरकारी नौकरी की मांग पर) मुख्यमंत्री (सिद्धरमैया) से चर्चा करूंगा।’’

इससे पहले, भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से रेणुकास्वामी के परिवार को मुआवजा और उनकी पत्नी को नौकरी देने का अनुरोध किया। भाजपा नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच समेत दोषी को दंडित करने की मांग की।

भाजपा की ओर से पीड़ित के परिवार को दो लाख रुपये दिये गये।

भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र ने रेणुकास्वामी के परिजन से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा ‘‘रेणुकास्वामी की हत्या अमानवीय है और सभ्य समाज में कोई भी इसका समर्थन नहीं कर सकता। सभी को इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए। इस जघन्य हत्या की चर्चा, न केवल राज्य में बल्कि पूरे देश में हो रही है। उनके माता-पिता और पत्नी को देखकर बहुत दुख होता है और हम समझ नहीं पा रहे हैं कि उन्हें कैसे सांत्वना दें और कैसे हिम्मत दें।’’

उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से परिवार को हिम्मत देने, मुआवजा देने और रेणुकास्वामी (33) की चार महीने की गर्भवती पत्नी को सरकारी नौकरी देने का आग्रह किया।

विजयेंद्र ने कहा, ‘‘जांच जारी है, सभी को पता है कि इसमें कौन-कौन शामिल हैं, लेकिन जांच किसी भी दबाव में आए बिना सही तरीके से होनी चाहिए। दोषियों तथा हत्यारों को सजा मिलनी चाहिए।’’

रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में दर्शन और उसकी दोस्त पवित्रा गौड़ा सहित कुल 17 लोग आरोपी हैं।

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने मंगलवार को कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में दोषियों को सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दयानंद ने कहा कि पुलिस ने मामले में त्वरित और समय पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में थोड़ी भी लापरवाही या देरी होती, तो जांच बाधित हो सकती थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पूरी लगन से अपना काम किया और सभी सूचनाएं और सबूत जुटाए।

बी दयानंद ने कहा कहा, ‘‘कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में दर्ज हत्या मामले (रेणुकास्वामी हत्याकांड) की जांच के संबंध में, जिसमें एक व्यक्ति की बहुत ही क्रूर और बर्बर तरीके से हत्या की गई है, अब तक पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया है और सभी 17 लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।’’

इस बीच, मामले की जांच के तहत पुलिस आरोपी नागराज और लक्ष्मण को मैसूरु शहर के एक होटल में ले गई, जहां से 11 जून को खेल निरीक्षण के लिए दर्शन को उठाया गया था। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने होटल से जानकारी और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जुटाई है।

सूत्रों के अनुसार, चित्रदुर्ग में दर्शन के फैन क्लब के सदस्य राघवेंद्र ने रेणुकास्वामी को बेंगलुरु के आर आर नगर में एक जगह पर यह कहकर बुलाया था कि दर्शन उससे मिलना चाहते हैं। इसी जगह उसकी हत्या कर दी गई। सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के बगल में एक नाले के पास रेणुकास्वामी का शव नौ जून को मिला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).