देश की खबरें | शराब नीति पर राज्य सरकार द्वारा अभी तक कोई विचार-विमर्श शुरू नहीं किया गया हैः एम. बी. राजेश

तिरुवनंतपुरम, 24 मई केरल सरकार ने राज्य की शराब नीति के संबंध में कोई विचार-विमर्श शुरू नहीं किया है। आबकारी मंत्री एमबी राजेश ने राज्य सरकार द्वारा 'ड्राई डे' के मानदंडों को वापस लेने की खबरों के बीच शुक्रवार को यह बात कही।

आबकारी मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण सरकार या आबकारी विभाग के स्तर पर शराब नीति पर कोई चर्चा या विचार-विमर्श शुरू नहीं हुआ है।

केरल में महीने का पहला दिन ड्राई डे होता है जब राज्य में शराब नहीं बेची जाती है।

टीवी चैनलों पर प्रसारित एक ‘वॉइस क्लिपिंग’ में बार संघ के एक सदस्य को कथित तौर पर अन्य सदस्यों से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अपने पक्ष में शराब नीति बनवाने के लिए पैसे देने होंगे। इस क्लिप का हवाला देते हुए आबकारी मंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयासों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ''हम ऐसे कृत्यों को बढ़ावा नहीं देंगे।''

राज्य में आईटी पार्कों में बार खोले जाने की खबरों के संबंध में राजेश ने कहा कि यह प्रस्ताव पहले की शराब नीति का हिस्सा था और इसे विधानसभा की विषय संबंधी समिति ने मंजूरी दे दी है।

दूसरी तरफ विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने आरोप लगाया कि राज्य की वामपंथी सरकार राज्य के 800 से अधिक बार से उनके फायदे वाली शराब नीति बनाने का वादा करके 20 करोड़ रुपये इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने आरोप लगाया कि कथित ‘वॉइस क्लिप’ सरकार के 'घोर भ्रष्टाचार' का सबूत है। उन्होंने मंत्री राजेश के इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि एलडीएफ द्वारा सत्ता में आने के बाद राज्य में बार की संख्या बढ़ाई गई और शराब की बिक्री में वृद्धि हुई, लेकिन बार से कर का संग्रह कम हो गया।

उन्होंने कहा, "ऐसा जीएसटी विभाग द्वारा बार का कोई निरीक्षण नहीं होने के कारण हुआ है। मैंने राज्य विधानसभा में कहा था कि सरकार ठीक से कर वसूली नहीं कर रही है।''

सतीशन ने कहा कि यूडीएफ हमेशा 'ड्राई डे' नियम को वापस लेने के खिलाफ रहा है।

इस बीच, ‘फेडरेशन ऑफ केरल होटल्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष वी सुनील कुमार ने इस बात से इनकार किया कि शराब नीति को प्रभावित करने के लिए सदस्यों से कोई पैसा लिया गया था।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि टीवी चैनलों पर प्रसारित क्लिप में कथित रूप से जिस व्यक्ति की आवाज है, उसे पहले ही एसोसिएशन से निलंबित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)