जरुरी जानकारी | महाराष्ट्र में तेल रिफायनरी की जगह के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं: पुरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में तेल रिफायनरी परियोजना लगाने के लिए किसी स्थान का अभी चयन नहीं किया है।
चंद्रपुर, 24 सितंबर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में तेल रिफायनरी परियोजना लगाने के लिए किसी स्थान का अभी चयन नहीं किया है।
पुरी ने यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र सरकार को इस परियोजना के स्थान के बारे में केंद्र सरकार के साथ चर्चा करनी होगी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती सरकार ने रिफायनरी परियोजना के लिए भूमि का आवंटन किया था लेकिन स्थान बदलने के नाम पर बाद में वह इससे पीछे हट गई थी। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी और बीते ढाई साल में महाराष्ट्र और देश को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
रत्नागिरी रिफायनरी एंड पेट्रोकेमिकल परियोजना कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरी जिले के नानर गांव में स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन शिवसेना के दबाव देने पर 2019 के चुनाव से पहले इसे रद्द कर दिया गया था।
पुरी ने कहा, ‘‘तेल रिफायनरी चंद्रपुर या विदर्भ क्षेत्र में लगाने के बारे में कोई फैसला मैंने नहीं लिया है।’’ उन्होंने कहा कि परियोजना की जगह के बारे में कोई भी फैसला महाराष्ट्र सरकार को लेना है।
उन्होंने कहा कि राज्य, केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के बीच आवश्यक विचार-विमर्श के बाद ही इस संबंध में कोई फैसला लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)