देश की खबरें | दो जनवरी तक गोवा में कोई कोविड संबंधी प्रतिबंध नहीं, मुख्यमंत्री ने त्यौहारी सीजन के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद शुक्रवार को कहा कि गोवा सरकार दो जनवरी तक कोविड-19 से संबंधित कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी, लेकिन तीन जनवरी को स्थिति की समीक्षा करेगी।

पणजी, 23 दिसंबर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद शुक्रवार को कहा कि गोवा सरकार दो जनवरी तक कोविड-19 से संबंधित कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी, लेकिन तीन जनवरी को स्थिति की समीक्षा करेगी।

उन्होंने कहा कि लोगों को स्वेच्छा से कोविड बचाव संबंधी व्यवहार का पालन करना चाहिए।

सावंत ने बैठक की अध्यक्षता करने के बाद संवाददाताओं से कहा, “राज्य दो जनवरी तक कोविड-19 संबंधी कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगा, लेकिन तीन जनवरी को स्थिति की समीक्षा करेगा।”

उन्होंने कहा कि केंद्र के निर्देश के अनुसार, किसी भी संभावित कोरोना वायरस प्रकोप से निपटने के लिए तैयारियों की जांच के लिए 27 दिसंबर को एक ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित की जाएगी।

सावंत ने कहा कि अधिकारियों ने तटीय राज्य में आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की औचक जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा, “राज्य में आने वाले दो प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का परीक्षण किया जा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ देशों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बीच गोवा क्रिसमस और नए साल के जश्न की तैयारी कर रहा है, ऐसे में राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं बल्कि आवश्यक सावधानी बरतें।

शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों को कोविड-19 संक्रमण के बारे में सतर्क रहने के लिए कहा है।

मंत्री ने कहा कि केंद्र ने 27 दिसंबर तक आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करने को कहा है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों का औचक परीक्षण भी किया जाएगा।

राणे ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से कोविड-रोधी टीके की बूस्टर खुराक भेजने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अब तक 53 फीसदी आबादी (बूस्टर) खुराक ले चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के बृहस्पतिवार के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोविड-19 के 14 मरीज उपचाराधीन थे। बृहस्पतिवार को संक्रमण का एक मामला दर्ज किए जाने के बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,59,062 हो गई तथा मृतकों की संख्या 4,013 पर स्थिर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now