जरुरी जानकारी | नए क्षेत्रों के लिए पीएलआई योजना पर फिलहाल कोई विचार नहीं : डीपीआईआईटी सचिव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सरकार फिलहाल 14 क्षेत्रों के लिए मौजूदा उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करेगी और फिलहाल खिलौने जैसे नए क्षेत्रों को इसमें शामिल करने का विचार नहीं है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार जनवरी सरकार फिलहाल 14 क्षेत्रों के लिए मौजूदा उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करेगी और फिलहाल खिलौने जैसे नए क्षेत्रों को इसमें शामिल करने का विचार नहीं है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि फार्मा, फ्रिज, एसी जैसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे 14 क्षेत्रों के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाएं अच्छा कर रही हैं।
सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, “फिलहाल हमारा ध्यान इन 14 पीएलआई पर है। सभी अच्छा काम कर रही हैं। इसलिए फिलहाल, नई पीएलआई योजना पर विचार नहीं किया जा रहा है और हम यह सुनिश्चित करने पर ध्यान देंगे कि ये मौजूदा योजनाएं अच्छी तरह से लागू हो जाएं और उसके बाद हम देखेंगे।”
सरकार ने पहले 14 क्षेत्रों के लिए निर्धारित में से बची राशि का उपयोग करने के लिए चमड़े, खिलौने और नए जमाने की ई-बाइक जैसे नए क्षेत्रों के लिए योजना का विस्तार करने की योजना बनाई है।
पीएलआई योजना की घोषणा 2021 में दूरसंचार, बड़े इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, कपड़ा, चिकित्सा उपकरणों के विनिर्माण, वाहन क्षेत्र, विशेष इस्पात, खाद्य उत्पाद, उच्च दक्षता वाले सौर पीवी मॉड्यूल, उन्नत रसायन विज्ञान सेल बैटरी, ड्रोन और फार्मा जैसे 14 क्षेत्रों के लिए की गई थी। इनके लिए 1.97 लाख करोड़ रुपये का परिव्यय तय किया गया था।
सिंह ने बताया कि विभाग एसी और एलईडी लाइट जैसे उत्पादों में पीएलआई योजना का तीसरे पक्ष द्वारा मूल्यांकन करने की प्रक्रिया में है।
यह अध्ययन अरुण जेटली राष्ट्रीय वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एजेएनआईएफएम) को सौंपा गया है।
डीपीआईआईटी में संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि संस्थान इस योजना को सभी कोणों से देखेगा। इसके अंतर्गत ‘‘योजना कैसे काम कर रही है, और क्या इसमें किसी सुधार या बदलाव की आवश्यकता है’ को देखा जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)