देश की खबरें | चावल घोटाले के आरोपी कृषि मंत्री सुधाकर सिंह को मंत्रिमंडल से हटाएं नीतीश : सुशील मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने 2013 के चावल घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राज्य के नए कृषि मंत्री सुधाकर सिंह को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है।

पटना, 21 अगस्त भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने 2013 के चावल घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राज्य के नए कृषि मंत्री सुधाकर सिंह को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है।

पत्रकारों से बातचीत में सुशील कुमार मोदी ने कहा, ‘‘राज्य में हुए चावल घोटाले के सिलसिले में सिंह के खिलाफ 2013 में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कैमूर स्थित दो चावल मिलों के मालिक सिंह पर राज्य खाद्य निगम के 5.31 करोड़ रुपये के चावल के गबन का आरोप है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घोटाले के सिलसिले में सिंह को जेल भी भेजा गया था। जब उन्होंने जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तो 60 लाख रुपये के मुचलके पर उन्हें जमानत मिली।’’

सुशील ने आरोप लगाया कि सिंह को अभी भी राज्य सरकार को 12 करोड़ रुपये (5.31 करोड़ रुपये का 12 साल के ब्याज के साथ) भुगतान करना है।

उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ऐसे मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में कैसे रख सकते हैं? पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए।

सिंह के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण मांगते हुए सुशील ने कहा, ‘‘उन्हें बताना चाहिए कि क्या सिंह को मंत्रिमंडल में रखना सही होगा जबकि उनपर 12 करोड़ रुपए बकाया हैं।’’

राज्य की नवगठित महागठबंधन सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि सहकार में शामिल सहयोगियों... कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास सहित... द्वारा भी मंत्रिमंडल में कार्तिक कुमार और सुधाकर सिंह को शामिल करने पर सवाल उठाया जा रहा है।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार के पहले के कार्यकाल में सुधाकर सिंह पर 2013 में चावल घोटाले का आरोप लगा था। उनके खिलाफ रामगढ़ थाने में दो मामले दर्ज हुए थे। प्राथमिकी के अनुसार, सुधाकर सिंह की चावल मिल का सरकार के साथ चावल प्रसंस्करण समझौता था और उन्होंने सरकार द्वारा दिए गए चावल का कथित तौर पर गबन कर लिया।

हालांकि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह की ओर से भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now