एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नीतीश ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, सोमवार को होगा शपथ ग्रहण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जद (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया और उन्होंने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। बिहार में नयी सरकार का शपथ ग्रहण सोमवार को शाम चार बजे होगा ।

देश की खबरें | नीतीश ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, सोमवार को होगा शपथ ग्रहण
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पटना, 15 नवंबर जद (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया और उन्होंने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। बिहार में नयी सरकार का शपथ ग्रहण सोमवार को शाम चार बजे होगा ।

बहरहाल बिहार की राजधानी में दिनभर चले घटनाक्रम में उपमुख्यमंत्री के नाम को लेकर संशय बना रहा । इस बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और देवेन्द्र फडणवीस ने स्पष्ट कुछ कहने की बजाए सिर्फ इतना कहा कि उचित समय पर जानकारी मिल जायेगी ।

यह भी पढ़े | कोरोना के तमिलनाडु में आज 1,819 नए मामले पाए गए,12 की मौत: 15 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

बिहार में राजग गठबंधन की पिछली सरकारों में उपमुख्यमंत्री रहे सुशील कुमार मोदी के एक ट्वीट से कई तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गईं । सुशील मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे काफी कुछ दिया और आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।’’

वहीं, भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में कटिहार से विधायक तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधानमंडल दल का नेता और बेतिया से विधायक रेणु देवी को उपनेता चुना गया । इनको उपमुख्यमंत्री बनाये जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

यह भी पढ़े | COVID-19 Crisis in Delhi: कोरोना को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच बैठक, केंद्र की तरफ से आश्वासन दिए जाएंगे ICU के नए 750 बेड.

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग पर राजग के घटक दलों की संयुक्त बैठक हुई ।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस इस बैठक में नीतीश कुमार के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के चुनाव प्रभारी देवेन्द्र फडणवीस सहित हम के नेता जीतन राम मांझी, वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी शामिल हुए ।

फडणवीस ने कहा, ‘‘बिहार में आज सम्पन्न एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में गठबंधन के नेता रूप में नीतीश कुमार का सर्वसम्मति से चयन किया गया। मैं उन्हें बहुत बहुत बधाई देता हूँ। ’’

राजग गठबंधन का नेता चुने जाने के साथ ही नीतीश कुमार के एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है । नीतीश कुमार बैठक के बाद राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया ।

नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल (सोमवार) शाम चार बजे से साढ़े चार बजे के दौरान शपथ ग्रहण समारोह होगा ।’’

उन्होंने कहा कि अभी सभी घटक दलों के नेताओं के साथ हमने राज्यपाल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के निर्णय के बारे में जानकारी दे दी । कुमार ने कहा, ‘‘ राज्यपाल महोदय ने मुझे मुख्यमंत्री मनोनीत किया है ।’’

उन्होंने कहा कि आगे राज्य का विकास हो, इसके लिये हम सभी मिलकर काम करेंगे । सभी मिलकर हर क्षेत्र और हर तबके के विकास के लिये काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट की बैठक होगी और उसमें तय होगा कि सदन की बैठक कब बुलानी है ताकि सदस्यों का शपथ ग्रहण हो सके ।

मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कितने लोग शपथ लेंगे, यह भी तय हो जायेगा ।

यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे तो कुमार ने कहा कि यह भी थोड़े समय में तय हो जायेगा ।

जद (यू) के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने ट्वीट किया कि आज एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जद (यू) एवं राजग के विधानमंडल दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पुनः राजग दल के नेता के रूप में चुना गया ।

इससे पहले जद (यू) विधायक दल की बैठक हुई । सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में नीतीश कुमार को जद (यू) विधायक दल का नेता चुना गया ।

भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि वह उपमुख्यमंत्री पद के लिये कोई दावेदारी नहीं कर रहे हैं और उन्हें जो भी दायित्व दिया जायेगा, उसे पूरा करेंगे । उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर बिहार के सपने को साकार करने के लिये प्रतिबद्ध हैं ।

प्रेम कुमार ने कहा कि राजग में सर्वसम्मति से इस पर निर्णय कर लिया जायेगा कि कौन नेता होगा और कौन उपमुख्यमंत्री ।

गौरतलब है कि हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में रोमांचक मुकाबले में राजग गठबंधन को 125 सीटें हासिल हुईं, जबकि विपक्षी महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं। राजग में भाजपा को 74 सीटें, जद (यू) को 43, हम और वीआईपी को चार-चार सीटें मिली हैं। 2015 के विधानसभा चुनावों में जद (यू) को 71 सीटें मिली थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2020 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).