देश की खबरें | बिहार में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल का विस्तार, 21 नए मंत्री किये गये शामिल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दो महीने से भी कम पुराने मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार करते हुए उसमें 21 नए मंत्रियों को शामिल किया।

पटना, 15 मार्च बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दो महीने से भी कम पुराने मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार करते हुए उसमें 21 नए मंत्रियों को शामिल किया।

यहां राजभवन में एक सादे समारोह में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी सहित इन नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शपथ लेने अन्य प्रमुख चेहरों में पार्टी की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष मंगल पांडेय, नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, नितिन नवीन, दिलीप कुमार जयसवाल और जनक राम शामिल हैं ।

मुख्यमंत्री की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से आज मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले पुराने प्रमुख चहरों में महेश्वर हजारी, शीला मंडल, पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान, रत्नेश सदा शामिल हैं ।

जनवरी के अंत में जदयू प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजग में लौटने पर गठित हुए इस मंत्रिमंडल में कई अन्य नए चेहरों को भी शामिल किया गया है।

बिहार मंत्रिमंडल के आज हुए विस्तार के साथ राज्य में अब मंत्रियों की संख्या 30 हो गयी है। पहले मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या नौ थी।

अबतक मंत्रिपरिषद में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत भाजपा से तीन जबकि मुख्यमंत्री समेत जदयू से चार मंत्री थे। इसके अलावा निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष सुमन भी मंत्री थे ।

आज शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा नेताओं ने ‘‘जय श्री राम’’ का नारा लगाया।

अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\