देश की खबरें | मध्य प्रदेश में 24 घंटे में चार दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भोपाल, 27 अप्रैल मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मैहर और राजगढ़ जिलों में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन-तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मंडला जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सिवनी जिले में एक कार और ट्रक की टक्कर में दो अन्य लोगों की मौत हो गई।
अमदरा के थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि मैहर जिले में शनिवार सुबह करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बोरी गांव के पास एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
छपारा थाने के सहायक उपनिरीक्षक प्रेमनारायण सूर्यवंशी ने बताया कि जबलपुर -सिवनी राजमार्ग पर ट्रक से एक कार के टकरा जाने पर शिक्षिका प्रियवृंदा बिसेन (32) और उनके भाई बंसत पटेल (40) की मौत हो गई।
सूर्यवंशी ने बताया कि शिक्षिका खजुराहो लोकसभा सीट के विजयराघवगढ़ में चुनाव ड्यटी कर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
अधिकारी ने बताया कि कार में सवार उनके पति को चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार राजगढ़ में खानपुरा गांव के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें 30 वर्षीय महिला, उसके पांच वर्षीय बेटे और सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई एवं दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक मंडला जिले में शुक्रवार देर रात मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुल के पास बारातियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से 50 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए।
मंडला कोतवाली के थाना प्रभारी शफीक खान ने यह जानकारी दी। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन विजय धुर्वे ने बताया कि घायलों में से नौ को छुट्टी दे दी गई है, जबकि दस अन्य का इलाज चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2024 07:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

