देश की खबरें | प्रतिमा ढहने के नौ महीने बाद मालवन में शिवाजी महाराज की 91 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के करीब नौ महीने बाद रविवार को उसी स्थान पर शिवाजी की 91 फुट ऊंची नयी प्रतिमा का अनावरण किया गया।
मालवन, 11 मई महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के करीब नौ महीने बाद रविवार को उसी स्थान पर शिवाजी की 91 फुट ऊंची नयी प्रतिमा का अनावरण किया गया।
पिछली 35 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापना के आठ महीने से भी कम समय में पिछले साल अगस्त में ढह गई थी, जिसके कारण सरकार के खिलाफ व्यापक आक्रोश फैल गया था। उस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार दिसंबर 2023 को नौसेना दिवस समारोह के दौरान किया था। इस प्रतिमा के ढहने के कारण मूर्तिकार-ठेकेदार जयदीप आप्टे को गिरफ्तार कर लिया गया था।
मालवन के किले में नयी प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस बात का पूरा ध्यान रखा गया है कि नयी प्रतिमा किसी भी वातावरण में कम से कम 100 साल तक टिकी रहे। प्रतिमा के रखरखाव का जिम्मा इसे बनाने वालों को दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रतिमा 91 फुट ऊंची है और इसका आधार 10 फुट ऊंचा है।’’
प्रतिमा बनाने का ठेका प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार और अनिल सुतार की फर्म राम सुतार आर्ट क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया, जिसने गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण किया था।
फडणवीस ने कहा कि यह प्रतिमा भीषण तूफानों को झेलने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यह शायद देश में छत्रपति शिवाजी की सबसे बड़ी प्रतिमा है।
फडणवीस ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना (प्रतिमा गिरने की) के बाद, हमने फैसला किया था कि किसी भी परिस्थिति में, हम छत्रपति शिवाजी महाराज की एक और भव्य प्रतिमा बनाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि किले से सटी जमीन को बेहतर सुविधाओं के लिए अधिग्रहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के इंजीनियरों और जे जे स्कूल ऑफ आर्ट्स के प्रमुख के साथ मिलकर किया है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अगस्त 2024 में प्रतिमा ढहने के बाद राज्य सरकार ने ऐसी ही एक प्रतिमा बनाने का संकल्प लिया था और उसी के अनुसार निर्देश दिए गए थे। नयी प्रतिमा में शिवाजी महाराज के हाथ में 29 फुट लंबी तलवार है।
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर 2023 में प्रतिमा का अनावरण किया था। शिंदे ने कहा, ‘‘आज वह (प्रधानमंत्री) यहां नहीं हैं, लेकिन वह देश की रक्षा कर रहे सैनिकों के पीछे मजबूती से खड़े हैं। वह शिव कार्य कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2025 08:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

