नौ लाख लोगों ने एक हफ्ते में पटना चिड़ियाघर की वर्चुअल सैर की : अधिकारी
कई वन्यजीव प्रेमियों ने संजय गांधी जैविक उद्यान के सोशल मीडिया पेजों पर लॉगइन कर उसका वर्चुअल दौरा किया और अपने अनुभव इसके यूट्यूब चैनल तथा फेसबुक पेज पर भी साझा किए।
पटना, तीन मई कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के बीच घरों में कैद लाखों लोगों ने सुकून की तलाश में पटना चिड़ियाघर की वर्चुअल सैर की। यह चिड़ियाघर कम से कम 800 पशु-पक्षियों का बसेरा है।
कई वन्यजीव प्रेमियों ने संजय गांधी जैविक उद्यान के सोशल मीडिया पेजों पर लॉगइन कर उसका वर्चुअल दौरा किया और अपने अनुभव इसके यूट्यूब चैनल तथा फेसबुक पेज पर भी साझा किए।
राज्य के वन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि विभाग ने घरों में सिमटे लोगों, खासतौर से बच्चों के मनोरंजन के लिए एक हफ्ते पहले यह पहल शुरू की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा यूट्यूब चैनल शुरू होने के एक हफ्ते के भीतर दुनियाभर के नौ लाख से अधिक पशु प्रेमियों ने चिड़ियाघर की वर्चुअल सैर की। चैनल ने अभी तक छह एपिसोड दिखाए हैं जिनमें बाघ, पक्षी, गेंडा, चिम्पांजी, जिराफ और हाथी दिखाए गए।’’
सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर इसका वीडियो देखने वाले बच्चों को वन्यजीवों के व्यवहार, उनकी खाने की आदतें और उनके निवास के बारे में नयी चीजें जानने को मिलेंगी।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि इस चिड़ियाघर में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चिड़ियाघर पहले कभी इतने अधिक वक्त तक बंद नहीं रहा। लोगों को लॉकडाउन के तनाव से बाहर निकालने में मदद करने के लिए हमने यह अनूठी पहल शुरू की है जिससे वे अपने घरों में बैठे हुए ही पशु और पक्षियों के नजदीक आ सकेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 12:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

