देश की खबरें | मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में नौ लोग घायल : नगर निकाय अधिकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के गोरखपुर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की के दौरान मची भगदड़ में नौ लोग घायल हो गए। यहां नगर निकाय और आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 27 अक्टूबर मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के गोरखपुर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की के दौरान मची भगदड़ में नौ लोग घायल हो गए। यहां नगर निकाय और आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस बीच, पश्चिमी रेलवे ने एक बयान में कहा कि घटना में दो लोग घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, दिवाली और छठ के आगामी उत्सवों के मद्देनजर अपने घरों की ओर जाने की योजना बना रहे लोग बड़ी संख्या में बांद्रा टर्मिनल पहुंचे। जब अनारक्षित ट्रेन को एक प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा था तो कई यात्री उसमें चढ़ने के लिए दौड़ पड़े।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब बड़ी संख्या में लोग 22921 बांद्रा-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस पर चढ़ने के लिए बांद्रा टर्मिनल की प्लेटफॉर्म संख्या एक पर मौजूद थे।
पश्चिम रेलवे ने बताया कि यह घटना देर रात दो बजकर 45 मिनट पर बांद्रा टर्मिनल की प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई जब अंत्योदय एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनल यार्ड से प्लेटफॉर्म की ओर ‘‘धीरे-धीरे बढ़’’ रही थी।
पश्चिम रेलवे ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे जारी बयान में कहा, ‘‘इस दौरान प्लेटफॉर्म पर कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, जिससे एक दुर्घटना में दो यात्री नीचे गिर गए और घायल हो गए।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ, जीआरपी और होम गार्ड के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और घायल यात्रियों को नजदीकी भाभा गवर्नमेंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया।’’
इसमें कहा गया है कि घायल यात्रियों की हालत अभी स्थिर है।
बहरहाल, मुंबई आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, अनारक्षित ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान भीड़भाड़ वाले ट्रेन टर्मिनल पर भगदड़ में नौ यात्री घायल हो गए।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों की पहचान शबीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदर गुप्ता (28), रवींद्र हरिहर चूमा (30), रामसेवक रवींद्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगे (27), दिव्यांशु योगेंद्र यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत साहनी (19) और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में की गयी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहनी और नूर मोहम्मद शेख की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में उपचार हो रहा है।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से चलती ट्रेन में न चढ़ने और उतरने का अनुरोध किया है, क्योंकि यह खतरनाक है।
उसने एक बयान में कहा कि पश्चिम रेलवे आगामी दिवाली और छठ उत्सवों के मद्देनजर विभिन्न गंतव्यों, खासतौर से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए 130 से अधिक विशेष ट्रेन चला रहा है।
एक अन्य वीडियो बयान में पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि निर्धारित प्रस्थान से करीब ढाई घंटे पहले तड़के पांच बजकर 10 मिनट पर ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर वापस लाया जा रहा था।
उन्होंने बताया, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, जिसके कारण वे घायल हो गए।’’
पश्चिम रेलवे के अधिकारी ने कहा कि त्योहारी मौसम पर विचार करते हुए उन्होंने मुंबई सेंट्रल, बांद्रा, वलसाड, उधना और अन्य स्टेशन से विशेष रेलगाड़ियों के 2,300 फेरों के लिए एक अधिसूचना जारी की है।
उन्होंने बताया कि रेलवे ने यात्रियों के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर भी बनाए हैं।
पश्चिम रेलवे ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकटिंग कर्मियों के साथ ही राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मी पर्याप्त संख्या में स्टेशन पर तैनात हैं।
इस बीच, घटना की कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी हैं और एक वीडियो में पैर में चोट के साथ एक व्यक्ति को प्लेटफॉर्म पर गिरे हुए और अन्य यात्रियों को उस पर ध्यान दिए बगैर ट्रेन में चढ़ते हुए देखा जा सकता है।
एक वीडियो में, आरपीएफ के एक अधिकारी को घायल यात्री को अपने कंधे पर ले जाते हुए, जबकि एक अन्य वीडियो में आरपीएफ के एक अधिकारी को कुछ यात्रियों के साथ एक घायल व्यक्ति को कपड़े का अस्थायी स्ट्रेचर बनाकर ले जाते हुए देखा गया।
सूत्रों ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में कुछ लोग प्लेटफॉर्म पर गिर गए। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि लोग बोगियों या दो बोगियों के बीच वाली जगह से टकराने के बाद प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।
पश्चिम रेलवे के एक सूत्र ने बताया, ‘‘सामान्य तौर पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकने के बाद बोगियों के दरवाजे खोले जाते हैं और फिर यात्री ट्रेन में चढ़ते हैं।’’
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत भाभा हॉस्पिटल भर्ती कराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2024 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

