देश की खबरें | एनआईएमएएस की टीम ने गुरु शिखर पर चढ़ाई की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (एनआईएमएएस) की एक टीम ने निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जमवाल के नेतृत्व में 'हर शिखर तिरंगा' अभियान के तहत राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर पर चढ़ाई की।

जयपुर, 11 अगस्त नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (एनआईएमएएस) की एक टीम ने निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जमवाल के नेतृत्व में 'हर शिखर तिरंगा' अभियान के तहत राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर पर चढ़ाई की।

कर्नल जमवाल ने शुक्रवार को कहा, "हमने 9 अगस्त को राजस्थान में गुरु शिखर चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राजस्थान 13वां राज्य था जहां हमने अभियान चलाया।"

अरुणाचल प्रदेश के दिरांग में स्थित एनआईएमएएस रक्षा मंत्रालय के तहत काम करता है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान पिछले साल अक्टूबर में पूर्वोत्तर राज्यों की 16 सदस्यीय टीम द्वारा शुरू किया गया था और इस अक्टूबर में सिक्किम में समाप्त होगा।

तीन बार माउंट एवरेस्ट और सातों महाद्वीपों के सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ने का गौरव हासिल करने वाले कर्नल जमवाल ने कहा कि अभियान के माध्यम से 'वोकल फॉर लोकल' की थीम को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, 'पर्वतारोहियों को अन्य पहाड़ों पर चढ़ने से पहले अपने राज्य की सबसे ऊंची चोटियों का पता लगाना चाहिए। ऐसी चोटियों के बारे में जागरूकता भी बढ़ानी चाहिए।'

उन्होंने कहा कि टीम के राज्य में पहुंचने पर लोगों में काफी उत्साह है।

उन्होंने कहा, 'हमारे साथ लगभग 40 लोग गुरु शिखर पर चढ़े। यह एक शानदार यात्रा रही है।' उन्होंने कहा कि हर अभियान में मानसिक, शारीरिक और प्राकृतिक सहित विभिन्न प्रकार की चुनौतियां होती हैं, लेकिन टीम पूरे जुनून के साथ अभियान कर रही है।

राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित गुरु शिखर अरावली पर्वत श्रृंखला का उच्चतम बिंदु है। यह समुद्र तल से 1722 मीटर ऊंचा है।

'हर शिखर तिरंगा' अभियान अक्टूबर में सिक्किम में माउंट जोंगसोंग की चढ़ाई के बाद समाप्त होगा।

पृथ्वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\