जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में निफ्टी का नया रिकॉर्ड, सेंसेक्स फिसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को लगातार तीसरे सत्र में नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ लेकिन रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रहा बीएसई सेंसेक्स हल्की गिरावट के साथ फिर से 80,000 के स्तर से नीचे आ गया।
मुंबई, पांच जुलाई उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को लगातार तीसरे सत्र में नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ लेकिन रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रहा बीएसई सेंसेक्स हल्की गिरावट के साथ फिर से 80,000 के स्तर से नीचे आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 53.07 अंक यानी 0.07 प्रतिशत गिरकर 79,996.60 पर बंद हुआ।
हालांकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 21.70 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,323.85 के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, नेस्ले इंडिया, पावर ग्रिड, आईटीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील और सन फार्मास्यूटिकल्स के शेयरों में तेजी दर्ज की गई।
दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "घरेलू बाजार में मिले-जुले रुझान के साथ कारोबार हुआ, जिसमें बैंक क्षेत्र का दबदबा रहा। जून तिमाही में शीर्ष बैंकों की जमा वृद्धि में तिमाही आधार पर गिरावट आने से चिंता और बढ़ गई।’’
नायर ने कहा कि मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया और संबंधित बीएसई सूचकांकों ने अब तक के उच्चतम स्तर को छुआ।
एशिया के अन्य बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को बाजार बंद रहे।
सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र में 62.87 अंकों की बढ़त के साथ 80,049.67 पर बंद हुआ था, जो इसका उच्चतम स्तर है। निफ्टी भी 15.65 अंक बढ़कर रिकॉर्ड 24,302.15 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार रहे। उन्होंने 2,575.85 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2024 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

