देश की खबरें | एनआईए ने तेलंगाना में माओवादियों को विस्फोटक आपूर्ति करने के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने तेलंगाना में माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) को कथित तौर पर विस्फोटक, ड्रोन और अन्य उपकरणों की आपूर्ति करने के मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक दिसंबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने तेलंगाना में माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) को कथित तौर पर विस्फोटक, ड्रोन और अन्य उपकरणों की आपूर्ति करने के मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सभी आठ आरोपी भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), तेलंगाना सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तारी के बाद हिरासत में हैं।
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि उनमें से तीन को प्रतिबंधित संगठन के लिए विस्फोटक, ड्रोन और अन्य उपकरणों की आपूर्ति करते हुए पकड़ा गया था, जबकि अन्य को बाद में पकड़ा गया था।
अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए तीन लोगों - पुनेम नागेश्वर राव, देवानुरी मल्लिकार्जुन राव और वोलेपोगुला उमाशंकर के पास से बरामद विस्फोटक सामग्री मूल रूप से उन्हें आरोपी जन्नू कोटि, अरेपल्ली श्रीकांत, तल्लापल्ली अरोग्यम और बोन्था महेंद्र द्वारा आपूर्ति की गई थी।
प्रवक्ता ने कहा कि चार आरोपियों ने सोनाबोइना कुमारस्वामी से सामान खरीदा था, जिसके पास विस्फोटकों का कारोबार करने का लाइसेंस था। अधिकारी ने बताया कि जांच से पता चला कि पुनेम, देवानुरी और वोलेपोगुला ने एक ड्रिलिंग मशीन खरीदी और मार्च में माओवादियों को आपूर्ति की।
प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने विभिन्न आतंकवादी गतिविधियों में शामिल प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) को आपूर्ति के लिए मई में एक उपकरण की खरीद की थी। अधिकारी ने कहा कि इन आरोपियों ने मई में माओवादियों के लिए जंगल के अंदर सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जासूसी करने के इरादे से एक ड्रोन भी खरीदा था।
प्रवक्ता ने कहा कि इन आरोपियों को अपने सह-आरोपियों से सुरक्षा बलों पर हिंसक हमले करने के लिए विस्फोटक सामग्री भी मिली, जिसे भूमिगत माओवादियों को आपूर्ति की जानी थी।
प्रवक्ता ने कहा कि मामला शुरू में पांच जून को तेलंगाना के चेरला थाने में दर्ज किया गया था और तीन अगस्त को एनआईए ने इसे अपने हाथ में ले लिया। भाकपा(माओवादी) के भारत विरोधी नापाक मंसूबों को बेनकाब करने और नाकाम करने के लिए आगे जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)