कोयंबटूर, 26 दिसंबर कोयंबटूर में 23 अक्टूबर को हुए कार विस्फोट से संबंधित मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अधिकारियों द्वारा पांच आरोपियों से पूछताछ सोमवार को लगातार दूसरे दिन जारी रही।
पुलिस ने बताया कि एनआईए अधिकारियों ने कोयंबटूर शहर की पुलिस के साथ रविवार को उनके घरों के निकट पूछताछ की थी ।
उन्होंने कहा कि एक मंदिर के सामने विस्फोट करने के लिए विस्फोटक और अन्य सामग्री खरीदने में जमीशा मुबीन (विस्फोट में मारे गए कार चालक) की मदद करने के आरोपी कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने विस्फोट को आतंकवादी हमला करार दिया था।
पुलिस ने कहा कि चूंकि आरोपी चेन्नई की पुझल जेल में बंद हैं, इसलिए एनआईए ने अदालत से पांच आरोपियों से पूछताछ के लिए एजेंसी को नौ दिन की हिरासत प्रदान करने का अनुरोध किया था।
पुलिस ने कहा कि अदालत ने एनआईए के अनुरोध पर सहमति जताई और पांचों आरोपियों- मोहम्मद अजरुद्दीन, अफजर खान, फिरोज, इस्माइल और उमर फारूक को चेन्नई से यहां लाया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की हिरासत 29 दिसंबर को खत्म होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY