देश की खबरें | एनआईए ने आईएसआईएस के ‘वॉयस ऑफ हिंद मॉड्यूल’ के कट्टरपंथी सदस्य को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में दो स्थानों पर छापे मारे एवं प्रतिबंधित आंतकी संगठन आईएसआईएस के ‘‘वॉयस ऑफ हिंद मॉड्यूल’’ के एक "धुर चरमपंथी" सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में दो स्थानों पर छापे मारे एवं प्रतिबंधित आंतकी संगठन आईएसआईएस के ‘‘वॉयस ऑफ हिंद मॉड्यूल’’ के एक "धुर चरमपंथी" सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वाराणसी के निवासी बासित कलाम सिद्दीकी (24) को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) द्वारा आतंकवादी हिंसा के जरिए भारत के खिलाफ हिंसक जिहाद छेड़ने के लिए युवाओं को चरमपंथी बनाने और उन्हें भर्ती करने की साजिश से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए ने पिछले साल 29 जून को भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) कानून की विभिन्न धाराओं के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।
अधिकारी ने कहा, "सिद्दीकी का आईएसआईएस आकाओं के साथ करीबी संपर्क था और वह 'वॉयस ऑफ खुरासान' पत्रिका के जरिए आईएसआईएस के लिए प्रचार सामग्री तैयार करने, प्रकाशन और प्रसार में शामिल था।" उन्होंने कहा कि वह आईएसआईएस के 'वॉयस ऑफ हिंद' मॉड्यूल का "धुर चरमपंथी" सदस्य था।
एनआईए प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अफगानिस्तान स्थित अपने आईएसआईएस आकाओं के निर्देश पर, वह विस्फोटक 'ब्लैक पाउडर' बनाने की कोशिश कर रहा था और आईईडी विस्फोटक बनाने के लिए घातक रासायनिक पदार्थों के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहा था।"
अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान एनआईए ने कई आपत्तिजनक आलेख जब्त किए जो आईईडी और विस्फोटक पदार्थ बनाए जाने की विधि से संबंधित थे। इसके अलावा मोबाइल फोन, लैपटॉप और पेन ड्राइव आदि भी जब्त किए गए।
प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि सिद्दीकी आईएसआईएस की ओर से भारत में युवकों को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें संगठन में भर्ती करने में सक्रिय रूप से शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2022 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

