एजेंसी न्यूज

निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह मामले में एनआईए ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया

सिंह को इस साल की शुरुआत में पुलिस ने आतंकवादियों को कश्मीर घाटी पार कराने के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनआईए ने यह पांचवी गिरफ्तारी की है। आरोपी वर्ष 2014 में भाजपा के टिकट पर राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ चुका है। वह हार गया था।

निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह मामले में एनआईए ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया
जमात

जम्मू, 30 अप्रैल जम्मू-कश्मीर पुलिस के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दविंदर सिंह के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसे कथित तौर पर हथियार विक्रेता बताया जा रहा है।

सिंह को इस साल की शुरुआत में पुलिस ने आतंकवादियों को कश्मीर घाटी पार कराने के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनआईए ने यह पांचवी गिरफ्तारी की है। आरोपी वर्ष 2014 में भाजपा के टिकट पर राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ चुका है। वह हार गया था।

एक अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तारिक मीर के तौर पर हुई है। एनआईए ने उसे विशेष अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे छह दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया गया। एजेंसी को मीर से पूछताछ के दौरान अन्य संपर्कों की जानकारी मिलने की भी उम्मीद है।

दक्षिण कश्मीर के सोपियां जिले के मालडूरा के रहने वाले मीर को जम्मू से गिरफ्तार किया गया और उस पर विभिन्न आतंकी संगठनों को हथियार मुहैया कराने में संलिप्त होने का आरोप है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर सरपंच चुने गए मीर ने वर्ष 2014 में वासी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन उसे लगभग 1,000 वोट ही मिल सके थे।

इस वर्ष जनवरी में डीएसपी को दो आतंकियों और एक अलगाववादी कार्यकर्ता के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि तत्कालीन डीएसपी इन सभी को कश्मीर घाटी से चंडीगढ़ लेकर जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद डीएसपी को निलंबित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 09:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).