देश की खबरें | हरियाणा के हिसार में ठोस कचरा प्रबंधन पर एनजीटी ने मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने एक समिति बनाई है और उसे हरियाणा के हिसार जिले में ठोस कचरा प्रबंधन के बारे में कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने को कहा है।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने एक समिति बनाई है और उसे हरियाणा के हिसार जिले में ठोस कचरा प्रबंधन के बारे में कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने को कहा है।
एनजीटी ने उस याचिका पर सुनवाई के बाद यह कदम उठाया जिसमें दावा किया गया था कि हिसार नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन किया है। इसमें आरोप लगाया गया कि निगम कचरे को अलग-अलग किये बिना उसे जमा करता है और उसके कचरा वाहन सभी घरों तक नहीं पहुंचते तथा इस वजह से लोग खुले में कचरा डालने को मजबूर हैं।
एनजीटी के कार्यवाहक अध्यक्ष न्यायमूर्ति शिवकुमार सिंह की पीठ ने कहा कि अधिकरण के समक्ष जो आंकड़े हैं, उनके मुताबिक हिसार में 1.3 लाख टन कचरे का अंबार लगा है, जिसका निस्तारण नहीं हुआ है। ऐसा कचरा निकलने और उसका प्रसंस्करण होने के बीच अंतराल के कारण हुआ है।
पीठ में न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति अरुण कुमार त्यागी और विशेषज्ञ सदस्य ए सेंथिल वेल शामिल रहे।
उसने कहा कि आगे बढ़ने से पहले मामले में हिसार जिलाधिकारी और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक प्रतिनिधि की संयुक्त समिति से रिपोर्ट मांगना उचित होगा।
मामले में अगली सुनवाई छह सितंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)