एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | भारत, ब्रिटेन के बीच एफटीए पर अगले दौर की वार्ता नवंबर में होने की उम्मीद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए अगले दौर की वार्ता नवंबर में होने की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | भारत, ब्रिटेन के बीच एफटीए पर अगले दौर की वार्ता नवंबर में होने की उम्मीद

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए अगले दौर की वार्ता नवंबर में होने की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि ब्रिटेन में 30 अक्टूबर को बजट पेश किया जाएगा और उसके बाद ‘‘ हमें उम्मीद है कि ब्रिटेन अगले दौर की वार्ता के लिए आगे आएगा। ’’

ब्रिटेन के अधिकारी अपने नए मंत्रियों को प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं।

प्रस्तावित एफटीए के लिए भारत-ब्रिटेन वार्ता जनवरी, 2022 में शुरू हुई थी। दोनों देश में आम चुनाव के मद्देनजर 14वें दौर की वार्ता रुक गई थी।

वस्तु एवं सेवा दोनों क्षेत्रों में मुद्दे लंबित हैं।

भारतीय उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों से अपने कुशल पेशेवरों के लिए ब्रिटेन के बाजार में अधिक पहुंच की मांग कर रहा है। इसके अलावा भारत शून्य सीमा शुल्क पर कई वस्तुओं के लिए बाजार पहुंच की भी मांग कर रहा है।

दूसरी ओर, ब्रिटेन स्कॉच व्हिस्की, इलेक्ट्रिक वाहन, भेड़ के मांस, चॉकलेट और कुछ ‘कन्फेक्शनरी’ वस्तुओं जैसे सामानों पर आयात शुल्क में महत्वपूर्ण कटौती की मांग कर रहा है।

ब्रिटेन दूरसंचार, कानूनी तथा वित्तीय सेवाओं (बैंकिंग व बीमा) जैसे क्षेत्रों में भारतीय बाजारों में ब्रिटेन सेवाओं के लिए अधिक अवसरों की तलाश कर रहा है। दोनों देश द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर भी बातचीत कर रहे हैं।

समझौते में 26 अध्याय शामिल है जिनमें माल, सेवाएं, निवेश और बौद्धिक संपदा अधिकार शामिल हैं।

भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2022-23 में 20.36 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2023-24 में 21.34 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2024 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).