एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया प्रकार : सरकार सतर्क है, घबराने की आवश्यकता नहीं-हर्षवर्धन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) के संक्रमण को लेकर चिंताओं के बीच सोमवार को कहा कि सरकार सतर्क है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।

देश की खबरें | ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया प्रकार : सरकार सतर्क है, घबराने की आवश्यकता नहीं-हर्षवर्धन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 21 दिसंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) के संक्रमण को लेकर चिंताओं के बीच सोमवार को कहा कि सरकार सतर्क है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नये स्ट्रेन पर चर्चा करने के लिए सोमवार को अपने संयुक्त निगरानी समूह की एक बैठक बुलाई है।

हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस के नए प्रकार के संक्रमण को लेकर चिंताओं और ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध की मांग के संबंध में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘मैं कहना चाहूंगा कि ये काल्पनिक स्थितियां हैं, ये काल्पनिक बातें है, ये काल्पनिक चिंताएं हैं... अपने आप को इससे दूर रखें।’’

हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘सरकार हर चीज के बारे में पूरी तरह जागरुक है। यदि आप मुझसे पूछें, तो इतना घबराने की कोई जरूरत नहीं है, जैसा कि इस संवाददाता सम्मेलन में देखा जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले एक साल में हर वह काम किया है, जो कोविड-19 से निपटने के लिए महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक समुदाय ने कोविड-19 से निपटने के लिए लगातार प्रयास किये हैं और इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए प्रकार के संक्रमण के मद्देनजर ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की केन्द्र से मांग की है।

ब्रिटिश सरकार ने चेतावनी दी थी कि वायरस का नया प्रकार ‘‘नियंत्रण से बाहर है’’ और रविवार से सख्त लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इसके बाद कई यूरोपीय देशों फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया और इटली ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 21, 2020 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).