जरुरी जानकारी | नेस्ले इंडिया के स्थायी कर्मचारियों की बीते वित्त वर्ष में 3.8 प्रतिशत घटी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. नेस्ले इंडिया में स्थायी कर्मचारियों की संख्या में बीते वित्त वर्ष 2024-25 में 3.8 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि मैगी और किटकैट बनाने वाली इस कंपनी ने अपने पूंजीगत व्यय में वृद्धि की है और यह नई क्षमताओं में निवेश कर रही है।
नयी दिल्ली, तीन जून नेस्ले इंडिया में स्थायी कर्मचारियों की संख्या में बीते वित्त वर्ष 2024-25 में 3.8 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि मैगी और किटकैट बनाने वाली इस कंपनी ने अपने पूंजीगत व्यय में वृद्धि की है और यह नई क्षमताओं में निवेश कर रही है।
नेस्ले इंडिया के कुल स्थायी या पक्के कर्मचारियों की संख्या 2024-25 में 8,419 थी, जबकि एक साल पहले यह संख्या 8,736 थी।
पिछले वित्त वर्ष में कर्मचारियों के औसत पारिश्रमिक में 4.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
नेस्ले इंडिया ने कहा, ‘‘प्रबंधकीय कर्मियों के अलावा अन्य कर्मचारियों के वेतन में औसत प्रतिशत वृद्धि 5.2 प्रतिशत रही, जबकि प्रबंधकीय कर्मियों के पारिश्रमिक में 3.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।’’
कंपनी के निवर्तमान चेयरमैन सुरेश नारायणन ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि नेस्ले इंडिया ने बीते वित्त वर्ष में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है। कंपनी ने अपने पूंजीगत व्यय के स्तर को वर्ष 2015 के बिक्री के 1.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 2024-25 में बिक्री का 10 प्रतिशत कर दिया है।
मैगी, नेस्कैफे और किटकैट बनाने वाली इस कंपनी ने पहले ही उत्तराधिकार योजना की घोषणा कर दी है, जिसके तहत मनीष तिवारी को एक अगस्त, 2025 से पांच साल के कार्यकाल के लिए निदेशक और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
तिवारी को एक फरवरी, 2025 से प्रबंध निदेशक (नामित) और 24 अप्रैल, 2025 से प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक के रूप में नियुक्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2025 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

