देश की खबरें | नेपाल ने ओडिशा के केआईआईटी में एक और छात्र की मौत की जांच के लिए कूटनीतिक पहल शुरू की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के कलिंगा औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (केआईआईटी) में नेपाली छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नेपाल सरकार ने शुक्रवार को हिमालयी देश की 18 वर्षीय छात्रा की मौत की उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास शुरू किए।

भुवनेश्वर, दो मई ओडिशा के कलिंगा औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (केआईआईटी) में नेपाली छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नेपाल सरकार ने शुक्रवार को हिमालयी देश की 18 वर्षीय छात्रा की मौत की उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास शुरू किए।

नेपाली मूल की छात्रा एक दिन पहले ही प्रौद्योगिकी संस्थान में फंदे पर लटकी हुई पाई गई थी।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम बीटेक कंप्यूटर साइंस की छात्रा प्रिसा साह का शव केआईआईटी के छात्रावास के कमरे से बरामद किया गया।

इसी संस्थान की एक अन्य नेपाली छात्रा प्रकृति लामसाल ने 16 फरवरी को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी और इसके करीब ढाई महीने बाद यह घटना हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, केआईआईटी में लगभग एक हजार नेपाली छात्र हैं।

नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के ओडिशा में केआईआईटी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली नेपाली छात्रा प्रिसा साह अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाई गईं। इस घटना ने हमें बहुत दुखी कर दिया है। मैं प्रिसा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं और इस दुखद घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घटना के तुरंत बाद, विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार, ओडिशा सरकार और दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के उच्च पदस्थ अधिकारियों के माध्यम से घटना की जांच के लिए कूटनीतिक पहल शुरू की है।’’

नयी दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास द्वारा प्रेस को जारी किए गए एक बयान में कहा गया है: ‘‘सूचना प्राप्त होने के बाद, नेपाल सरकार के निर्देश पर दूतावास ने केआईआईटी से संपर्क किया और उनसे घटना की उचित जांच सुनिश्चित करने समेत परिसर में नेपाली छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।’’

आधिकारिक बयान के अनुसार, नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर पी. शर्मा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से घटना की गहन जांच सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

दूतावास ने कहा कि वह नेपाली छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से नेपाल के छात्रों, केआईआईटी प्राधिकारियों समेत केंद्र तथा ओडिशा सरकार के संपर्क में है।

बयान में कहा गया है, ‘‘दूतावास ने केआईआईटी के प्रतिनिधि को भी दूतावास में बुलाया और घटना के बारे में जानकारी मांगी।’’ बयान में कहा गया है कि देश का विदेश कार्यालय मृतक के परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और उसकी मौत पर संवेदना व्यक्त करता है।

ओडिशा सरकार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जबकि केआईआईटी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा: ‘‘हम अपनी प्रिय छात्रा प्रिसा साह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। आज, केआईआईटी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एकत्र हुए, जिन्होंने अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और उसके परिवार, दोस्तों और छात्र समुदाय के साथ एकजुटता दिखाई। उसकी आत्मा को शांति मिले।’’

पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘नेपाल निवासी एक छात्रा का शव बरामद किया गया है और ऐसा प्रतीत होता है कि उसने केआईआईटी के छात्रावास में आत्महत्या की है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\