एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर वार्ता अच्छी तरह जारी, भारतीय दल जाएगा वाशिंगटनः वाणिज्य सचिव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए बातचीत ‘बहुत’ अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और एक टीम जल्द ही वार्ता के लिए वाशिंगटन रवाना होगी। सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर वार्ता अच्छी तरह जारी, भारतीय दल जाएगा वाशिंगटनः वाणिज्य सचिव

नयी दिल्ली, 15 मई भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए बातचीत ‘बहुत’ अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और एक टीम जल्द ही वार्ता के लिए वाशिंगटन रवाना होगी। सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते पर आगे की चर्चा के लिए भारत की एक टीम वाशिंगटन जा रही है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस भारतीय दल की अगुवाई करेंगे। भारतीय दल समझौते पर 17 से 20 मई तक अमेरिकी अधिकारियों के साथ चर्चा करेगा।

इस दौरान गोयल अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमिसन ग्रीर के साथ बैठक करेंगे।

दोनों देशों के बीच यह बातचीत इस साल सितंबर-अक्टूबर तक व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की पृष्ठभूमि में हो रही है। दोनों देश ‘शीघ्र पारस्परिक लाभ’ सुनिश्चित करने के लिए वस्तुओं में व्यापार की एक अंतरिम व्यवस्था की संभावना तलाश रहे हैं।

बर्थवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वार्ता जारी है और बहुत अच्छी प्रगति हो रही है। अमेरिकी टीम के साथ आगे की बातचीत के लिए हमारी एक टीम अमेरिका जाने वाली है।’’

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के दोहा में दावा किया कि भारत कई अमेरिकी उत्पादों पर ‘शून्य शुल्क’ लगाने के लिए सहमत हो गया है।

ट्रंप ने कहा, ‘‘भारत दुनिया के सबसे अधिक शुल्क वाले देशों में से एक है। भारत में बेचना बहुत कठिन है। उन्होंने हमें एक समझौते की पेशकश की है जिसमें वे मूल रूप से एक तरह कोई भी शुल्क नहीं लेने वाले हैं।’’

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता को ‘जटिल’ बताते हुए कहा कि सब कुछ होने तक कुछ भी तय नहीं होता है।

जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता चल रही है। असल में, एक टीम इस समय जाने वाली है। ये बहुत जटिल बातचीत हैं और सब कुछ होने तक कुछ भी तय नहीं होता है।’’

वार्ताओं को पूरा करने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर एक अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष सितंबर-अक्टूबर को समझौते का पहला चरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2025 09:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).