देश की खबरें | नीट परीक्षा विवाद: कांग्रेस ने रायपुर में किया विरोध प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नीट यूजी 2024 परीक्षा में कथित अनियमितताओं की उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की शुक्रवार को मांग की।

रायपुर, 21 जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नीट यूजी 2024 परीक्षा में कथित अनियमितताओं की उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की शुक्रवार को मांग की।

बघेल नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत यहां राजीव गांधी चौक पर पार्टी के आंदोलन के दौरान संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में 70 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को 'पेपर लीक सरकार' बताया।

बघेल ने कहा, ''यह (पेपर लीक) इसलिए हुआ है क्योंकि एक विचारधारा से जुड़े लोग प्रमुख पदों पर बैठे हैं। अयोग्य लोगों को प्रमुख पदों पर रखा गया है। पूरे देश में एक रैकेट काम कर रहा है। यह केवल 10 लाख रुपये, 20 लाख रुपये, 25 लाख रुपये या 50 लाख रुपये का मामला नहीं है, बल्कि यह हजारों करोड़ रुपये का मामला (घोटाला) है। यह लाखों युवाओं के भविष्य का मामला है। इसकी उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।''

उन्होंने नीट यूजी 2024 परीक्षा रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि यह केवल पेपर लीक का मुद्दा नहीं है बल्कि इससे कहीं बड़े घोटाले का मामला है।

कांग्रेस नेता ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की भी मांग की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नवनिर्वाचित भाजपा सांसदों पर भी निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ से हाल में 10 सांसद चुने गए हैं, लेकिन नीट विवाद पर वे चुप हैं।

बघेल ने कहा कि राज्य के भाजपा सांसदों को बताना चाहिए कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना सही है या गलत।

धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\