देश की खबरें | बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति के कारण त्रिपुरा की सुरक्षा को मजबूत करने की जरूरत : मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को विभिन्न एजेंसियों से बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए राज्य में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने को कहा।
अगरतला, 28 जून त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को विभिन्न एजेंसियों से बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए राज्य में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने राज्य के पहले साइबर पुलिस थाना का उद्घाटन करने के बाद कहा कि त्रिपुरा तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है और इसलिए सुरक्षा को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति से परिचित हैं। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत है। पूर्वोत्तर राज्य को मादक पदार्थों की तस्करी का गलियारा बना दिया गया है। सीमा पार से घुसपैठ भी एक अन्य समस्या है।’’
साहा ने कहा,‘‘ऐसी खबरें हैं कि लोगों का एक वर्ग अंतरराष्ट्रीय सीमा (भारतीय पक्ष) के करीब जाता है और अंतरराष्ट्रीय सीमा के दूसरी ओर रहने वाले लोगों के साथ बातचीत करता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता -सक्षम 5जी सेवा उपलब्ध होने के बाद स्थिति भयावह हो सकती है।’’
मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पारंपरिक युद्ध के स्वरूप में हुए बदलाव का संदर्भ देते हुए कहा कि संघर्ष (पाकिस्तान के साथ) में तोपों और बलों की उपस्थिति नहीं देखी गई।
उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक युद्ध के लिए एक क्लिक की आवश्यकता होती है।’’
साहा ने कहा, ‘‘मोबाइल फोन एके-47 राइफल से भी अधिक खतरनाक हो गया है। उन्नत प्रौद्योगिकी ने लड़ाई, संघर्ष या युद्ध का स्वरूप बदल दिया है।’’
उन्होंने साइबर अपराध को एक प्रकार का छाया युद्ध बताते हुए कहा कि सुरक्षा बलों को धोखाधड़ी की गतिविधियों को रोकने के लिए अपराधियों से डिजिटल तरीके से लड़ने की जरूरत है।
साहा ने साइबर धोखाधड़ी गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को भी अपनी क्षमता का उन्नयन करने की आवश्यकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)