देश की खबरें | लोगों के दर्द पर मरहम लगाने की जरूरत: मणिपुर पर सर्वदलीय बैठक के बाद कोनराड संगमा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है और चर्चा के दौरान लोगों के ‘‘दर्द एवं तकलीफों पर मरहम लगाने’’ की जरूरत पर जोर दिया है।

शिलांग, 24 जून मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है और चर्चा के दौरान लोगों के ‘‘दर्द एवं तकलीफों पर मरहम लगाने’’ की जरूरत पर जोर दिया है।

कोनराड संगमा ने मणिपुर में मौजूदा स्थिति पर चर्चा के लिए शनिवार को नयी दिल्ली में आयोजित सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद यह बात कही।

मुख्यमंत्री संगमा ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने मणिपुर में तनाव पर चिंता व्यक्त की है, जहां तीन मई को जातीय हिंसा भड़कने के बाद से लगभग 120 लोगों की मौत हो चुकी है और 3,000 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।

संगमा ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर के मौजूदा हालात पर चर्चा करने के लिए माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भाग लिया। एनपीपी ने मणिपुर में मौजूदा तनाव पर अपनी चिंता व्यक्त की है और भारत सरकार से राज्य में शांति स्थापित करना सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि एनपीपी ने केंद्र से सभी प्रभावित स्थानों और राहत शिविरों में राहत सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

मेघालय के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हिंसा में शामिल किसी भी सशस्त्र समूह को नियंत्रण में लाने के लिए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एनपीपी ने 'मरहम लगाने' की आवश्यकता पर जोर दिया, जहां राज्य और केंद्र सरकार, राजनीतिक दल, धार्मिक संगठन मणिपुर में शांति एवं एकता की अपील करने के लिए समाज के हर वर्ग तक पहुंचें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now