एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या करीब 50 गुना : मंत्रालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्राल ने सोमवार को इसे एक बड़ी उपलब्धि करार देते यह जानकारी दी।

देश की खबरें | कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या करीब 50 गुना : मंत्रालय

नयी दिल्ली, 18 जनवरी भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्राल ने सोमवार को इसे एक बड़ी उपलब्धि करार देते यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि देश में आज कोविड-19 से ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,02,11,342 तक पहुंच गई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,08,012 है।

मंत्रालय ने रेखांकित किया, ‘‘ उपचारधीन एवं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में अंतर तेजी से बढ़ा और यह अब 1,00,03,330 के स्तर पर पहुंच गया है। देश में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या उपचाराधीन मरीजों की संख्या के मुकाबले करीब 50 गुना अधिक है।’’

इसके साथ ही देश में कोविड-19 बीमारी से ठीक होने की दर 96.59 प्रतिशत हो गई है। गत 24 घंटे में देश में 14,457 मरीजों ने कोरोना वायरस के संक्रमण को मात दी जबकि इस अवधि में 13,788 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई।

मंत्रालय ने बताया, ‘‘भारत में दैनिक आधार पर संक्रमण के आने वाले मामलों में लगातार गिरावट आ रही है, रोजाना कोविड-19 से होने वाली मौतों की संख्या में भी तेजी से कमी आई है। गत 24 घंटे में कोविड-19 से 145 लोगों की मौत हुई और इस प्रकार करीब आठ महीनों (सात महीने 23 दिनों) में पहली बार रोजाना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या 150 से कम रही।’’

विभिन्न राज्यों में कोविड-19 से गत 24 घंटे में हुई मौतों की राज्यवार जानकारी देते हुए मंत्रालय ने बताया कि इस अवधि में 15 राज्य ऐसे हैं जहां पर एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है जबकि 13 राज्यों में संक्रमण से मृतकों की संख्या एक से पांच के बीच रही।

मंत्रालय ने बताया कि चार राज्य ऐसे हैं जहां पर पांच से 10 संक्रमितों की मौत गत 24 घंटे में हुई है जबकि एक राज्य ऐसा है जहां पर एक दिन में संक्रमितों की मौत की संख्या 10 से 20 के बीच है। वहीं, दो राज्य ऐसे हैं जहां पर 20 से अधिक मौतें हुई हैं।

मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में ठीक होने वाले 71.70 प्रतिशत मरीज सात राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के हैं।

केरल में सबसे अधिक 4,408 लोग एक दिन में ठीक हुए हैं। वहीं महाराष्ट्र और कर्नाटक में 24 घंटे के भीतर क्रमश: 2342 और 855 मरीजों ने कोविड-19 को मात दी है।

मंत्रालय ने बताया कि 76 प्रतिशत नए मामले छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए हैं।

इस मामले में केरल शीर्ष पर बना हुआ है जहां पर 24 घंटे में 5,005 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिसके बाद महाराष्ट्र एवं कर्नाटक का स्थान है, जहां पर 24 घंटे में संक्रमण के क्रमश : 3081 और 745 नए मामले सामने आए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में कोविड-19 से हुई कुल मौतों में 83.45 प्रतिशत मौतें सात राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश में हुई है।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 50 मरीजों की गत 24 घंटे में मौत हुई है जबकि केरल में 21 मरीजों की इस अवधि में संक्रमण से जान गई है। पश्चिम बंगाल में 12 मरीजों की मौत हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2021 04:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).