देश की खबरें | तमिलनाडु में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तैनाती के लिए तैयार: उपमुख्यमंत्री उदयनिधि
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और अन्य हिस्सों में बारिश जारी रहने के बीच उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) तैनाती के लिए तैयार हैं।
चेन्नई, 15 अक्टूबर तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और अन्य हिस्सों में बारिश जारी रहने के बीच उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) तैनाती के लिए तैयार हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र की आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम चेन्नई और आस-पास के जिलों में 26 स्थानों पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। साथ ही, चेन्नई और राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बारिश से उपजी स्थिति के मद्देनजर 219 नाव तैयार हैं।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि शहर में 300 से अधिक स्थानों पर राहत शिविर तैयार हैं, जिनमें प्रभावित लोगों को ठहराया जा सकता है।
उदयनिधि ने कहा कि चेन्नई के आसपास तिरुवल्लूर, चेंगलपेट और कांचीपुरम जिलों में ऐसे 631 केंद्र तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि चेन्नई में बाढ़ से निपटने के प्रयासों की निगरानी के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 15 अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसी तरह, राज्य के बाकी हिस्सों में भी वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 300 से ज्यादा जगहों पर जलभराव को दूर करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में बिजली कटौती नहीं हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)