देश की खबरें | बिहार में मोदी और शाह की अवहेलना करने वाले भाजपा नेताओं के कारण राजग का प्रदर्शन खराब रहा: कुशवाहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को बिहार के उन भाजपा नेताओं को लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया जो "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की भी अवज्ञा करते हैं।"
पटना, 28 अप्रैल पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को बिहार के उन भाजपा नेताओं को लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया जो "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की भी अवज्ञा करते हैं।"
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य कुशवाहा ने कहा, "चुनाव के दौरान कई नेताओं ने मोदी, शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की बात नहीं मानी, जिससे विपक्ष को पांच-छह सीट पर फायदा हुआ।"
कुशवाहा खुद काराकाट सीट से राजग उम्मीदवार थे, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राजा राम सिंह विजयी रहे, जबकि बागी पवन सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़कर भाजपा के वोट काटे।
कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने ही पवन सिंह को बढ़ावा दिया, ताकि उनका (कुशवाहा का) खेल बिगाड़ा जा सके।
कुशवाहा ने कहा, "मोदी, शाह और नड्डा को अपना नेता मानने वाले लेकिन उनकी सलाह न मानने वाले ऐसे नेताओं की वजह से राजग को आगामी चुनाव में पांच से छह सीट का नुकसान हो सकता है। अगर राजग को आगामी विधानसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करनी है तो इन पर लगाम लगाना जरूरी है।"
बिहार में राजग में भाजपा, जदयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और आरएलएम शामिल हैं। गठबंधन ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 30 सीट जीतीं, जो 2019 के मुकाबले नौ सीट कम हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)