चतरा (झारखंड), 24 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विकास के लिए जाना जाता है जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन भ्रष्टाचार के लिए कुख्यात है।
चिराग पासवान ने कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में लोगों को विकास और भ्रष्टाचार के बीच चयन करना होगा।
केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के चतरा जिले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के समर्थन में एक रैली को संबोधित किया। जनार्दन ने बृहस्पतिवार को चतरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
राजग में सीट बंटवारे के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए एक सीट मिली है।
चिराग पासवान ने कहा, “पिछले पांच वर्षों में भारत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा है, जबकि इसी अवधि में झारखंड पीछे चला गया। हमें शर्म आती है कि झारखंड के मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा।”
उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास की चर्चा हो रही है तो दूसरी तरफ हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के भ्रष्टाचार की भी चर्चा हो रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “इस चुनाव में लोगों को विकास और भ्रष्टाचार के बीच चयन करना है। मुझे नहीं लगता कि यह कोई मुश्किल चयन है। वे विकास के लिए वोट करेंगे।”
उन्होंने मतदाताओं से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील की।
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग में सीट बंटवारे के अनुसार, भाजपा 68 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि आजसू पार्टी 10, जनता दल (यू) दो और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
झारखंड विधानसभा चुनाव - 13 नवंबर और 20 नवंबर - को दो चरणों में होंगे जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY