देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू के खिलाफ टिप्पणी पर कांग्रेस नेता उदित राज को एनसीडब्ल्यू ने भेजा नोटिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कांग्रेस नेता उदित राज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उनकी “चापलूसी” वाली टिप्पणी पर तलब किया है।
नयी दिल्ली, छह अक्टूबर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कांग्रेस नेता उदित राज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उनकी “चापलूसी” वाली टिप्पणी पर तलब किया है।
बृहस्पतिवार को जारी नोटिस में आयोग ने उन्हें 10 अक्टूबर को उसके सामने पेश होने और उनकी (कांग्रेस नेता की) “बेहद निंदनीय और शर्मनाक” टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
हाल में एक समारोह में, मुर्मू ने कहा कि गुजरात देश में बनने वाले 76 प्रतिशत नमक का उत्पादन करता है। उन्होंने कहा, “कहा जा सकता है कि सभी देशवासी गुजरात का नमक खाते हैं।”
भारत में नमक की खपत का करीब 80 प्रतिशत उत्पादन गुजरात में होता है।
उदित राज ने बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी जैसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिलें। चमचागिरी की भी हद है। कहती हैं कि70 प्रतिशत लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा।’’
अपने नोटिस में एनसीडब्ल्यू ने कहा कि आयोग ने उनकी टिप्पणी पर संज्ञान लिया है।
महिला निकाय ने प्रेस के लिये जारी एक बयान में कहा, “बयान बेहद निंदनीय और शर्मनाक हैं। आयोग ने श्री उदित राज को एक नोटिस भेजा है। एनसीडब्ल्यू ने एक सुनवाई तय की है और राज को 10 अक्टूबर, 2022 को अपराह्न तीन बजे आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए कहा है।”
भाजपा और अन्य पक्षों द्वारा बयान के लिये सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का सामना कर रहे कांग्रेस नेता ने ट्विटर पर एक स्पष्टीकरण जारी कर कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू पर उनका बयान उनका व्यक्तिगत बयान है और इसका “कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)