देश की खबरें | आरआरटीएस कॉरिडोर पर 2.5 लाख से अधिक पेड़-पौधे लगाएगा एनसीआरटीसी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) साहिबाबाद से मेरठ के शताब्दी नगर तक रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर पर 2.5 लाख से अधिक पेड़-पौधे लगाएगा। यह जानकारी बुधवार को जारी एक बयान में दी गयी।
नयी दिल्ली, 29 मई राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) साहिबाबाद से मेरठ के शताब्दी नगर तक रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर पर 2.5 लाख से अधिक पेड़-पौधे लगाएगा। यह जानकारी बुधवार को जारी एक बयान में दी गयी।
बयान में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य वैश्विक पर्यावरण संरक्षण लक्ष्यों के साथ तालमेल बिठाते हुए हरित आवरण और टिकाऊ पर्यावरण में योगदान देना है।
बयान के अनुसार, इनमें से आधे पेड़-पौधे साहिबाबाद से मेरठ के शताब्दी नगर तक 48 किलोमीटर लंबे आरआरटीएस कॉरिडोर पर पुल के नीचे मध्य में लगाए जा रहे हैं और 95 प्रतिशत से अधिक वृक्षारोपण कार्य पूरा हो चुका है।
बयान में कहा गया है कि शेष आधे पेड़-पौधे दुहाई में आरआरटीएस डिपो में लगाए गए हैं।
दुहाई से शताब्दी नगर तक पुल के नीचे मध्य में लगाए गए पेड़-पौधों में बोगनवेलिया, टेकोमा, प्लुमेरिया अल्बा, अल्लामांडा, मानसोआ, जैस्मीन और मधुमालती शामिल हैं।
ये पौधे अपने खूबसूरत फूलों के लिए जाने जाते हैं, जिनसे आरआरटीएस कॉरिडोर का क्षेत्र हरा-भरा और देखने में आकर्षक बन जाएगा।
दुहाई स्थित आरआरटीएस डिपो में करीब 70-75 तरह के पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों की नियमित देखभाल के लिए कई टीम तैनात की गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)