देश की खबरें | राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल भाजपा में शामिल होने वाले हैं: शिरसत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के प्रवक्ता संजय शिरसत ने मंगलवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले हैं।

औरंगाबाद, 20 जून महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के प्रवक्ता संजय शिरसत ने मंगलवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले हैं।

राकांपा के प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने शिरसत के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन साझेदार शिवसेना और भाजपा ‘माइंड गेम’ खेल रही हैं क्योंकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।

शिरसत ने राज्य के पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटिल का मजाक उड़ाते हुए कहा कि मई की शुरुआत में राकांपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की शरद पवार की घोषणा के बाद पाटिल का रोना एक नाटक था।

पवार ने बाद में अपना इस्तीफा वापस ले लिया था।

औरंगाबाद (पश्चिम) से विधायक शिरसत ने यहां एक मराठी समाचार चैनल से बातचीत करते हुए राकांपा पर निशाना साधा और कहा कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल खुद ही “विश्वासघात” का परिणाम है।

इससे पहले दिन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत शिवसेना विधायकों के विद्रोह का एक साल पूरा होने पर मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य भागों में “गद्दार दिवस” मनाया।

शिरसत ने कहा, “राकांपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की शरद पवार की घोषणा वाले दिन जयंत पाटिल भावुक हो गए थे। यह महज नाटक था। जयंत पाटिल भाजपा में शामिल होने वाले हैं। राकांपा को वफादारी के बारे में ज्ञान नहीं देना चाहिए। पार्टी खुद विश्वासघात का ही परिणाम है।”

राकांपा के प्रवक्ता क्रेस्टो ने मुंबई में कहा, “माइंड गेम...फडणवीस और शिंदे के बीच सबकुछ ठीक नहीं है और इसलिए ध्यान भटकाने के लिए वे ऐसा कर रहे हैं। पहले (राकांपा नेता) अजित दादा और अब जयंत पाटिल जी।”

अप्रैल में अटकलें थीं कि अजित पवार भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, लेकिन उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया था और मीडिया पर उनके बारे में अफवाहें उड़ाने का आरोप लगाया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now