देश की खबरें | महाराष्ट्र में विभागों के बंटवारे को लेकर राकांपा ने भाजपा पर कटाक्ष किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में अजित पवार गुट के एक सदस्य को सहकारिता मंत्री बनाए जाने के बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने ‘‘वॉशिंग मशीन’’ शब्द का इस्तेमाल कर भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष किया।

मुंबई, 14 जुलाई महाराष्ट्र में अजित पवार गुट के एक सदस्य को सहकारिता मंत्री बनाए जाने के बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने ‘‘वॉशिंग मशीन’’ शब्द का इस्तेमाल कर भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष किया।

अजित पवार ने करीब दो सप्ताह पहले शरद पवार की अगुवाई वाली राकांपा से अलग होकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार में उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

मुख्यमंत्री शिंदे के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, पवार के आठ सहयोगियों को भी विभाग आवंटित कर दिये गये हैं। बयान के अनुसार, धनंजय मुंडे को कृषि विभाग की कमान दी गयी है, वहीं दिलीप वाल्से-पाटिल को सहकारिता मंत्री बनाया गया है।

शरद पवार नीत राकांपा के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने दावा किया कि भाजपा अजित पवार पर राज्य के सहकारी क्षेत्र में घोटाले और भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रही है और इन आरोपों का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने भाषण में किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘इस घटनाक्रम से कई सवाल सामने आए हैं और भाजपा को उनका जवाब देने की जरूरत है। क्या भाजपा उन (अजित पवार) पर और उनके समूह पर दबाव बनाने के लिए आरोप लगा रही थी या यह सिर्फ उसकी (भाजपा की) ‘वॉशिंग मशीन’ योजना का एक हिस्सा था।’’

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि क्या भाजपा सहकारी क्षेत्र में कथित घोटालों और भ्रष्टाचार का समर्थन करती है।’’

विपक्ष अक्सर यह आरोप लगाकर भाजपा पर ‘वॉशिंग मशीन’ संबंधी तंज कसता रहा है कि जिन नेताओं के खिलाफ विभिन्न एजेंसियां जांच कर रही हैं, उन्हें भाजपा में शामिल होने के बाद राहत मिल जाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\