देश की खबरें | राकांपा (एसपी) ने भाजपा पर निशाना साधा, देश में कई ‘‘आपात स्थितियां’’ होने का आरोप लगाया

मुंबई, 25 जून शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा -एसपी) ने मंगलवार को कहा कि देश में इस समय कई ‘‘आपात स्थितियां’’ हैं और भाजपा को अतीत में उलझने से पहले उनका जवाब देना चाहिए।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आपातकाल के 49 साल पूरे होने पर कांग्रेस पर तीखा हमला किया।

भाजपा के नेताओं ने देश में आपातकाल लगाए जाने के 49 साल पूरे होने पर मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

भाजपा ने कांग्रेस की ‘‘तानाशाही’’ और संविधान के प्रति उसकी अवहेलना को ‘‘उजागर’’ करने के लिए 1975 के आपातकाल की बरसी के मौके पर एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की।

राकांपा (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने मणिपुर हिंसा और ‘राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा’ (नीट) का प्रश्न पत्र कथित रूप से लीक होने को लेकर भाजपा पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा मणिपुर की आपात स्थिति पर कब बात करेगी, जहां लोग एक साल से अधिक समय से पीड़ा झेल रहे हैं। भाजपा हमारी शिक्षा प्रणाली की आपात स्थिति और नीट का प्रश्न पत्र लीक होने से रोकने में अपनी विफलता पर कब बात करेगी।’’

क्रैस्टो ने कहा, ‘‘भाजपा भारत में कृषि के मोर्चे पर आपात स्थिति के बारे में कब बात करेगी?’’

देश में किसानों की बुनियादी मांगें पूरी नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा रोजगार क्षेत्र की आपात स्थिति पर कब बात करेगी? भारत में बेरोजगारी दर पिछले 45 साल में सबसे अधिक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में हमारे देश में ऐसी कई आपात स्थितियां हैं और भाजपा को अतीत में उलझने से पहले उनका जवाब देना चाहिए।’’

तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून, 1975 को देश में आपातकाल लागू किया था जिसे 21 महीने बाद 1977 में हटाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)