राकांपा (शरद गुट) ने पवार की ‘मृत्यु के लिए प्रार्थना करने’ का अजित पर आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार पर उनकी आयु की ओर इशारा करते हुए परोक्ष रूप से कटाक्ष किया और ‘‘आखिरी चुनाव की भावनात्मक अपील’’ की बात की।
मुंबई, 4 फरवरी: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार पर उनकी आयु की ओर इशारा करते हुए परोक्ष रूप से कटाक्ष किया और ‘‘आखिरी चुनाव की भावनात्मक अपील’’ की बात की. राकांपा के शरद पवार गुट ने पलटवार करते हुए दावा किया कि ये टिप्पणी ‘‘अमानवीय’’ हैं और इसने राज्य के उपमुख्यमंत्री पर पार्टी संस्थापक शरद पवार की ‘‘मृत्यु के लिए प्रार्थना करने’’ का आरोप भी लगाया.
अजित पवार ने पिछले साल जुलाई में राकांपा में बगावत करके पार्टी को विभाजित कर दिया था तथा आठ विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए थे. अजित पवार ने तब से अपने विद्रोह को लगातार यह कहते हुए उचित ठहराया है कि वरिष्ठों को अगली पीढ़ी को रास्ता देना चाहिए था. अजित पवार का यह इशारा परोक्ष रूप से शरद पवार की ओर था. नाम लिये बिना शरद पवार (83) पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पता नहीं कुछ लोग कब रुकेंगे। हो सकता है कोई भावुक अपील की जाए कि ये आखिरी चुनाव होगा। पता नहीं कौन सा आखिरी चुनाव होगा.’’
वह पुणे जिले के बारामती में एक सभा को संबोधित कर रहे थे. शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने पलटवार करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री ने अपनी टिप्पणी से "शालीनता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं.’’ आव्हाड ने कहा, "अजित पवार को अपनी अमानवीय टिप्पणियों के बारे में अवश्य सोचना चाहिए, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर शरद पवार की मृत्यु के लिए प्रार्थना की है। महाराष्ट्र को अब पता चल गया है कि अजित पवार किस तरह के आदमी हैं."
आव्हाड ने कहा कि महाराष्ट्र में शरद पवार का योगदान हमेशा बरकरार रहेगा. शरद पवार 1960 के दशक के उत्तरार्द्ध से विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपराजित रहे हैं और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं. उपमुख्यमंत्री ने जनसभा में अपने गुट की लोकसभा योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ‘‘आपने इतने सालों तक एक वरिष्ठ की बात सुनी.
अब मेरी बात सुनें और उस लोकसभा उम्मीदवार को वोट दें जिसे मैं खड़ा करने जा रहा हूं. मैं फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बता सकता हूं कि लोगों ने मेरे उम्मीदवार को वोट दिया है. यह मत भूलिये कि जब आप मुसीबत में थे तो मदद के लिए कौन आया था.’’
बारामती से विधायक अजित पवार ने यह भी कहा कि "यदि आप अच्छा काम करना चाहते हैं, तो आपको इसके लिए कुछ आलोचना स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2024 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

