जरुरी जानकारी | एनसीएलटी ने फ्यूचर सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के खिलाफ दिवाला याचिका स्वीकार की

नयी दिल्ली, छह जनवरी राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने शुक्रवार को फ्यूचर सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड (एफएससीएसएल) के खिलाफ दायर दिवाला याचिका को स्वीकार कर लिया।

फ्यूचर समूह की कंपनी एफएससीएसएल ने शेयर बाजार को बताया कि एनसीएलटी की मुंबई पीठ ने दिवालिया होने का दावा करने वाली डीएचएल ई-कॉमर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड की याचिका को स्वीकार कर लिया है।

शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, ''एनसीएलटी ने आज, पांच जनवरी 2023 को अपना आदेश सुनाया है, जिसमें डीएचएल ई-कॉमर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड की उक्त याचिका को स्वीकार किया गया, जिसमें परिचालन लेनदार को देय बकाया राशि के चूक की बात कही गई थी।''

डीएचएल ईकॉमर्स ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) के तहत एक परिचालन लेनदार के रूप में याचिका दायर की थी।

परिचालन कर्जदाता वे होते हैं, कंपनी के परिचालन को लेकर विभिन्न वस्तुओं की आपूर्ति करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)